home page

विधानसभा अध्यक्ष ने छह विशेष समितियों का गठन किया, समितियों की संख्या बढ़कर हुई 35

 | 
विधानसभा अध्यक्ष ने छह विशेष समितियों का गठन किया, समितियों की संख्या बढ़कर हुई 35


नई दिल्ली, 4 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को वर्ष 2025-26 के लिए 6 नई विशेष समितियों के गठन की घोषणा की। इन समितियों में दिल्ली नगर निगम पर विशेष समिति, शांति एवं सद्भाव समिति, वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण पर समिति, ट्रांसजेंडर्स एवं दिव्यांगजनों के कल्याण की समिति सहित अन्य समितियां शामिल हैं।

इस गठन के साथ ही दिल्ली विधानसभा में कुल समितियों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। इन समितियों का उद्देश्य व्यवस्था को मजबूत करना और उपेक्षित समुदायों की समस्याओं पर केंद्रित ध्यान देना है।

गुप्ता ने शुक्रवार को एक विज्ञिप्त जारी करते हुए बताया कि इन समितियों का गठन चार चरणों में किया गया। पहले चरण में 11 समितियां, दूसरे चरण में 7, तीसरे चरण में 11 और चौथे चरण में इन 6 विशेष समितियों का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि इन नई समितियों के गठन से विधानसभा ने जवाबदेह और समानता आधारित कानून बनाने के अपने संकल्प को और मजबूत किया है।

दिल्ली विधानसभा सदस्यों के वेतन और अन्य भत्तों पर विशेष समिति के अध्यक्ष अभय कुमार वर्मा और सदस्य गजेंद्र सिंह यादव, पूनम शर्मा, राज कुमार चौहान, संजीव झा, सूर्य प्रकाश खत्री, तरविंदर सिंह मारवाह, विशेष रवि और चौधरी जुबैर अहमद हैं।

सदस्यों के साथ सरकारी अधिकारियों द्वारा प्रोटोकॉल उल्लंघन और अवमाननापूर्ण व्यवहार पर विशेष सदन समिति के अध्यक्ष संजय गोयल और सदस्य अनिल गोयल, अनिल झा, अनिल कुमार शर्मा, जरनैल सिंह, करनैल सिंह, कुलवंत राणा, ओम प्रकाश शर्मा और सूर्य प्रकाश खत्री हैं।

दिल्ली नगर निगम पर विशेष समिति के अध्यक्ष रविंदर सिंह नेगी और सदस्य अजय दत्त, आले मोहम्मद इकबाल, अशोक गोयल, आतिशी, कुलवंत राणा, मनोज कुमार शौकीन, राज कुमार भाटिया, संदीप सहरावत हैं।

शांति एवं सद्भाव पर विशेष समिति के अध्यक्ष चंदन कुमार चौधरी और सदस्य आले मोहम्मद इकबाल, अशोक गोयल, कुलवंत राणा, मनोज कुमार शौकीन, नीलम पहलवान, पुनर्दीप सिंह साहनी, श्याम शर्मा और सूर्य प्रकाश खत्री हैं।

वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण पर विशेष समिति के अध्यक्ष तिलक राम गुप्ता और सदस्य जितेंद्र महाजन, करतार सिंह तंवर, ओम प्रकाश शर्मा, पवन शर्मा, राम सिंह नेताजी, सतीश उपाध्याय, उमंग बजाज और वीर सिंह धिंगान हैं।

ट्रांसजेंडर्स एवं दिव्यांगजनों के कल्याण पर विशेष समिति के अध्यक्ष करनैल सिंह और सदस्य अनिल गोयल, हरीश खुराना, कैलाश गहलोत, कैलाश गंगवाल, मनोज कुमार शौकीन, प्रेम चौहान, शिखा रॉय और वीरेंद्र सिंह कादियान हैं।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि इन विशेष समितियों का गठन दिल्ली विधानसभा की शासन संबंधी बदलती चुनौतियों का सामना करने की भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये समितियां केवल संस्थागत तंत्र नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव