home page

विजेंद्र गुप्ता ने राष्ट्र निर्माण में मूल्य आधारित शिक्षा के महत्व पर दिया जोर

 | 
विजेंद्र गुप्ता ने राष्ट्र निर्माण में मूल्य आधारित शिक्षा के महत्व पर दिया जोर


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने राष्ट्र निर्माण में मूल्य आधारित शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि नैतिकता, प्रतिबद्धता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना के बिना प्राप्त ज्ञान का उपयोग विनाशकारी कार्यों में भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि सच्ची शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति को राष्ट्र के लिए सार्थक योगदान देने के योग्य बनाना भी है। यह बात उन्होंने सोमवार को ग्लोबल मैत्री फेस्टिवल के अंतर्गत मैत्रीबोध परिवार द्वारा आयोजित ट्रांसफॉर्म भारत समिट को संबोधित करते हुए कही।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान जहां शारीरिक बीमारियों का उपचार करता है, वहीं आध्यात्मिकता मन के द्वंद्व और आंतरिक पीड़ा से बाहर निकलने का मार्ग दिखाती है। उन्होंने मैत्री दादा की सोच और मैत्रीबोध परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के बेहतर निर्माण के लिए व्यक्ति के संपूर्ण विकास, मूल्य आधारित शिक्षा और युवा नेतृत्व को महत्व देना आवश्यक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान और जानकारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से नैतिकता, संस्कार, चरित्र, अनुशासन और सेवा भाव का भी विकास होना चाहिए।

विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर बोलते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आज के युवा ही इस राष्ट्रीय संकल्प के वास्तविक लाभार्थी हैं, क्योंकि 2047 में भारत के विकसित राष्ट्र बनने के बाद देश को आगे ले जाने का नेतृत्व और जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होगी। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी के लिए युवाओं को आज से ही तैयार होना होगा, ताकि 2047 में भारत के विकसित राष्ट्र बनने तक युवा पीढ़ी देश का नेतृत्व करने में पूरी तरह सक्षम हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना विकसित होनी चाहिए, जिससे वे अपने ज्ञान और क्षमता का उपयोग राष्ट्र की प्रगति और समाज के कल्याण के लिए कर सकें।

विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा की युवा संपर्क कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विधानसभा के ऐतिहासिक परिसर में आमंत्रित किया जाता है, ताकि वे भारत की लोकतांत्रिक और संसदीय विरासत को करीब से समझ सकें। पुराने सचिवालय का भारत के राजनीतिक इतिहास के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों से जुड़ाव, प्रथम विश्व युद्ध, रॉलेट एक्ट और श्री विट्ठलभाई पटेल की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता और लोकतंत्र अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग से प्राप्त हुए हैं।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को स्वतंत्रता के महत्व, लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका और नागरिकों के रूप में उनके कर्तव्यों को समझने में मदद करते हैं। अपने संबोधन के समापन पर उन्होंने 'विरासत भी, विकास भी' के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा अपनी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिकता की ओर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा अब पूरी तरह पेपरलेस है और सौर ऊर्जा से संचालित है। यह पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और जिम्मेदार विकास के प्रति विधानसभा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव