गैस सिलेंडर लीक होने से घर में लगी आग, पुलिस ने एक साल के बच्चे समेत तीन लोगों को बचाया
नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। शाहदरा इलाके के अजीत नगर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने से घर में आग लग गई। आग की चपेट में एक ही परिवार के तीन लोग फंस गए, जिनमें एक साल का बच्चा भी शामिल था। मौके पर गश्त कर रहे शाहदरा पुलिस के जवानों ने बिना अतिरिक्त मदद का इंतजार किए जलते मकान में घुसकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना शाहदरा जिले के अजीत नगर स्थित गली नंबर-9 के मकान नंबर 4332 में शुक्रवार रात हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण आग लगी। कुछ ही देर में आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य फंस गए।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय क्षेत्र में बीट पेट्रोलिंग कर रहे एएसआई कुलदीप, हेड कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल विपिन और कांस्टेबल सनी आसपास मौजूद थे। आग और लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में तीन लोग फंसे हुए हैं और आग तेजी से फैल रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी बिना देरी किए मकान के अंदर दाखिल हुए और साहस का परिचय देते हुए तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायलों की पहचान 34 वर्षीय अरशद अली, 28 वर्षीय अरशाना और एक वर्षीय अरमान अली के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। पुलिसकर्मियों ने समय गंवाए बिना ऑटो रिक्शा की मदद से घायलों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक समय रहते राहत कार्य नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार के तीनों सदस्यों की जान बच गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

