home page

दिल्ली में सेवा ही शासन का मूल मंत्र : रेखा गुप्ता

 | 
दिल्ली में सेवा ही शासन का मूल मंत्र : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आयोजित प्रवास कार्यक्रम में लोगों के बीच पहुंचकर सरकार के एक वर्ष के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विकास, सुशासन और समृद्धि की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 वर्षों बाद दिल्ली में बनी भाजपा सरकार ने सेवा को ही शासन का मूल मंत्र मानते हुए सत्ता को सुख का साधन नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम बनाया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के बल पर दिल्ली में विकास की नई गति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित दिल्ली की मजबूत नींव रखी गई है और इस नींव पर समृद्ध दिल्ली का भव्य निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी दिल्ली का निर्माण करना है, जहां अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सभी सुविधाएं पहुंचें, दिल्ली स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बने, कूड़े के पहाड़ समाप्त हों और वर्षों से चली आ रही अव्यवस्थाओं से राजधानी को मुक्ति मिले। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सहित पूरी दिल्ली को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, स्वच्छता और जनकल्याण की योजनाओं को गति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा ही संस्कार, सेवा ही संकल्प और सेवा ही हमारा लक्ष्य है। ‘जनसेवा ही राष्ट्रसेवा’ के मंत्र के साथ सरकार ने कार्य करते हुए जनता के विश्वास को विकास में परिवर्तित किया है। यह रिपोर्ट कार्ड केवल उपलब्धियों का दस्तावेज नहीं, बल्कि दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य की दिशा और दृष्टि का प्रतीक है।

इस अवसर पर दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद योगेंद्र चांदोलिया, बिजवासन से विधायक कैलाश गहलोत, पालम से विधायक कुलदीप सोलंकी, छतरपुर से विधायक करतार सिंह तंवर, संगम विहार से विधायक चंदन चौधरी, पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव