home page

दिल्ली में गंभीर अपराधों में गिरावट, 2025 में हत्या-लूट के मामले घटे

 | 
दिल्ली में गंभीर अपराधों में गिरावट, 2025 में हत्या-लूट के मामले घटे


नई दिल्ली, 21 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपराध पर लगाम कसती नजर आ रही है। दिल्ली पुलिस द्वारा जारी वर्ष 2025 के आधिकारिक अपराध आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन वर्षों की तुलना में गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी निगरानी के चलते न केवल वारदातों की संख्या घटी है, बल्कि मामलों के खुलासे की दर भी बेहतर हुई है।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी देवेश श्रीवास्तव के अनुसार वर्ष 2025 में हत्या के कुल 491 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2024 में 504 और 2023 में 506 मामले सामने आए थे। हत्या के मामलों में 95.32 प्रतिशत का सफल खुलासा किया गया है। हत्या के प्रयास के मामलों में भी कमी आई है। वर्ष 2025 में 854 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 98.13 प्रतिशत मामलों को पुलिस ने सुलझा लिया। वहीं लूट की घटनाओं में भी कमी का सिलसिला जारी है। वर्ष 2023 में जहां 1654 लूट के मामले थे, वहीं 2025 में यह संख्या घटकर 1326 रह गई। लूट के मामलों में 97.51 प्रतिशत की सॉल्विंग दर दर्ज की गई। झपटमारी के मामलों में भी बड़ी गिरावट आई है। 2023 में 7886 मामलों के मुकाबले 2025 में 5406 केस दर्ज हुए।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों में राहत

महिलाओं से जुड़े अपराधों में भी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में छेड़छाड़ व अन्य अपराधों के 1708 मामले सामने आए, जबकि 2023 में यह संख्या 2345 थी। इन मामलों में 95.20 प्रतिशत का खुलासा हुआ। ईव-टीजिंग के मामलों में भी 89.02 प्रतिशत सॉल्विंग रेट दर्ज की गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निरंतर पेट्रोलिंग, सीसीटीवी व तकनीकी निगरानी, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई और जनसहयोग के कारण राजधानी में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। आने वाले समय में अपराध दर को और कम करने के प्रयास जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी