सौरभ भारद्वाज ने सत्येंद्र जैन को न्यायालय से जमानत मिलने के फैसले का किया स्वागत
नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब के सह प्रभारी सत्येंद्र जैन को गुरुवार को राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पार्टी ने फैसले का स्वागत किया। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जमानत मिलने से सत्येंद्र जैन अब अपने परिवार के बीच लौट सकेंगे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि जैन को पंजाब में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों से जोड़ा गया था और उनकी गिरफ्तारी का असर चुनावी तैयारियों पर भी पड़ा।
उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े कथित टेंडर मामले को लेकर भी सवाल उठाए। भारद्वाज ने कहा कि जिस तरह आबकारी मामले को लेकर आम आदमी पार्टी का पक्ष रहा है, उसी तरह दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े मामले में भी पार्टी का मानना है कि आरोपों में दम नहीं है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से मामले में जांच और आरोपपत्र दाखिल किए जाने के बाद भी एसीबी की ओर से सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के लिए एसीबी ने उनसे पूछताछ करने के बजाय सीधे उन्हें गिरफ्तार किया और तिहाड़ जेल भेज दिया।
उन्होंने राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिलने पर संतोष जताते हुए कहा कि अब सत्येंद्र जैन के जेल से बाहर आने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेल बॉन्ड समेत आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद जैन अपने परिवार के साथ घर लौट सकेंगे।
भारद्वाज ने बताया कि जमानत मिलने के बाद सत्येंद्र जैन की मुलाकात उनकी पत्नी और बेटी से हुई। इस दौरान भावुक माहौल रहा। उन्होंने कहा कि परिवार से मुलाकात का यह क्षण उनके लिए काफी भावुक था।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्येंद्र जैन आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और पंजाब में संगठन से जुड़े कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके वापस आने से पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

