home page

संस्कार भारती ने ‘सिने टॉकीज 2026’ का किया आधिकारिक शुभारंभ, पोस्टर लांच

 | 
संस्कार भारती ने ‘सिने टॉकीज 2026’ का किया आधिकारिक शुभारंभ, पोस्टर लांच


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सिनेमा, संस्कृति और समाज के विविध आयामों पर केंद्रित राष्ट्रीय संवाद मंच ‘सिने टॉकीज 2026’ का आधिकारिक शुभारंभ संस्कार भारती, कोकण प्रांत द्वारा आयोजित मासिक गोष्ठी में मुंबई के डी. जी. खेतान इंटरनेशनल स्कूल, मालाड में कार्यक्रम का आधिकारिक पोस्टर चंद्रशेखर वामन वझे, प्रशांत निळकंठ देशपांडे, ऋषिकेश जोशी तथा ध्रुव कंडपाल द्वारा लोकार्पित किया गया।

सिने टॉकीज 2026 का आयोजन 11, 12 एवं 13 दिसंबर को मुंबई स्थित व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल, फिल्म सिटी कॉम्प्लेक्स, गोरेगांव में होगा। इस वर्ष आयोजन की थीम सिनेमा : कल, आज और कल निर्धारित की गई है। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय संवाद में भारतीय सिनेमा के समकालीन परिदृश्य, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ, फिल्मकार, शिक्षाविद्, लेखक, तकनीकी विशेषज्ञ तथा युवा रचनाकार सहभागी होंगे।

आयोजन के दौरान ‘सिनेमा : समाज का प्रतिबिंब या समाज का निर्माता’, ‘साहित्य और सिनेमा’, ‘बाल सिनेमा’, ‘सिनेमा : प्रचार, विचार और मनोरंजन’ तथा ‘सिनेमा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) : आवश्यकता, नैतिकता और भविष्य’ जैसे समसामयिक विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

साथ ही पटकथा लेखन, निर्देशन, छायांकन, संपादन, ध्वनि एवं संगीत, डिजिटल तकनीक, ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म, कंटेंट निर्माण, भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक यात्रा, वर्तमान परिदृश्य तथा बदलती सिनेमाई प्रवृत्तियों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान, परिचर्चाएँ और संवाद आयोजित होंगे।

‘सिने सृष्टि, भारतीय दृष्टि’ की संकल्पना पर आधारित सिने टॉकीज का उद्देश्य सिनेमा, समाज, संस्कृति और भारतीय विचार के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना है। यह मंच अनुभवी फिल्मकारों और युवा रचनाकारों के बीच रचनात्मक आदान-प्रदान तथा सहयोग के नए अवसर भी प्रदान करेगा।

संस्कार भारती ने बताया कि पोस्टर लोकार्पण के साथ ही सिने टॉकीज 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है। इच्छुक प्रतिभागी पोस्टर पर उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। सिने टॉकीज से संबंधित विस्तृत जानकारी उनके वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी