home page

कल्याणपुरी में पत्नी से विवाद के बाद सफाईकर्मी ने फंदा लगाकर दी जान

 | 

नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में मंगलवार देर रात दिल्ली नगर निगम के एक सफाईकर्मी ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान दीपक कुमार (46) के रूप में हुई है। उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने दीपक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है और परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

परिजनों ने दीपक की पत्नी सुनीता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुनीता अक्सर दीपक से झगड़ा करती थी। आरोप है कि दीपक की कमाई का बड़ा हिस्सा सुनीता अपने मायके वालों पर खर्च कर देती थी, जिसको लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी से विवाद और घरेलू तनाव के कारण दीपक काफी परेशान था और इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार दीपक परिवार के साथ कल्याणपुरी इलाके में रहता था। परिवार में पत्नी सुनीता के अलावा दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र पांच और दो वर्ष है। दीपक दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारी था। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे वह अपने कमरे में गया। कुछ देर बाद सुनीता ने दीपक के परिजनों को उसके फंदा लगाने की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान दीपक और सुनीता के परिजनों के बीच भी विवाद हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। दीपक के परिजनों ने सुनीता और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मोबाइल फोन की जांच के साथ ही परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव