वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली सरकार की नई ड्राफ्ट ई.वी. पॉलिसी का किया स्वागत
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली सरकार की नई ड्राफ्ट इलैक्ट्रिक वाहन (ई.वी.) पॉलिसी का स्वागत किया और कहा कि तीन से सात वर्ष मे यह ई.वी. पॉलिसी दिल्ली की सड़कों से वाहन प्रदूषण को नगण्य कर देगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस पॉलिसी के तहत निजी दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर रजिस्ट्रेशन फीस और रोड टैक्स माफ किया गया है, जिससे लोग निजी इस्तेमाल के लिए इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने के लिए प्रोत्साहित होंगे। वहीं कमर्शियल माल ढोने वाले ई. वाहनों को रोड़ टैक्स एवं पंजीकरण शुल्क में भारी छूट देकर दिल्ली सरकार ने कमर्शियल वाहनों में भी बदलाव को बढ़ावा दिया है।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में ऑटो रिक्शा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और एक जनवरी 2027 से दिल्ली में पूरी छूट के साथ ई. आटो का पंजीकरण करने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था स्वच्छ होगी।
उन्होंने कहा कि तीन एवं चार पहिया कमर्शियल माल ढोने वाले वाहनों में ई. वाहनों को प्रोत्साहित करने से भी सड़कों पर प्रदूषण नियंत्रण करने में सहायता मिलेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस नई ई.वी. पॉलिसी की सबसे अच्छी बात है की अब दिल्ली सरकार अपने उपयोग के लिए केवल ई. वाहन ही लेगी वहीं सार्वजनिक परिवहन बसें एवं एन1 ट्रक भी केवल इलैक्ट्रिक ही लेगी जिससे सड़कों पर 10 प्रतिशत से अधिक वाहन प्रदूषण दो वर्ष में कम होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

