home page

छह घंटे में लूट की गुत्थी सुलझी, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। डीबीजी रोड थाना पुलिस ने लूट के एक मामले को छह घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान करोलबाग निवासी तुलसी (31), दीपक उर्फ चंपक (19) और उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी छोटू उर्फ डोरेमोन (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जबकि चार हजार रुपये की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के अनुसार, तीन अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे पीड़ित घर लौट रहा था। वह कलकादास चौक के पास पहुंचा, तभी तीन युवकों ने उसे घेर लिया। एक आरोपित ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि दूसरे ने उसकी पैंट की जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया। तीसरे आरोपित ने उसकी शर्ट की जेब से चार हजार रुपये निकाल लिए। वारदात के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर डीबीजी रोड थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक आरोपित के नाम तुलसी के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम उसके झुग्गी स्थित ठिकाने पर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने इलाके में उसके संभावित ठिकानों और आवाजाही वाली जगहों पर निगरानी बढ़ाई।

लगातार प्रयास और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने चार अक्टूबर को करोलबाग इलाके से तीनों आरोपितों को उनके संभावित ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने इसके अलावा अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस के मुताबिक, तुलसी पहले भी डीबीजी रोड थाने में आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। वहीं, दीपक उर्फ चंपक के खिलाफ वर्ष 2024 में डीबीजी रोड थाने में झपटमारी और चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। छोटू उर्फ डोरेमोन का फिलहाल कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

मामले में एफआईआर नंबर 361/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4)/3(5) में केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में एसआई सुरेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल सुजीत तथा कांस्टेबल नीरज, प्रतीक और रवि शामिल रहे। पुलिस अब लूटे गए चार हजार रुपये बरामद करने के साथ आरोपितों के अन्य आपराधिक मामलों में शामिल होने की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी