छठ पूजा की तैयारियों को लेकर समिति की बैठक, मंत्री कपिल मिश्रा ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। छठ पूजा की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को दिल्ली सचिवालय में मंत्री कपिल मिश्रा की अध्यक्षता में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ पूजा के आयोजन स्थलों, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में संतोष ओझा, विधायक संदीप सहरावत, विधायक दीपक चौधरी, विधायक चंदन कुमार चौधरी और विधायक अभय कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, दिल्ली जल बोर्ड, जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, सिंचाई विभाग, बैठक में बीएसईएस, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि इस वर्ष छठ पूजा के अवसर पर पहले से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक अनुभव भी मिल सके। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सिंगल क्लियरेंस विंडो सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी, जिससे विभिन्न विभागों से संबंधित अनुमतियों और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर से सिंगल क्लियरेंस विंडो की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि छठ पूजा की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में आयोजन स्थलों पर पीने के पानी, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन सेवा, मोबाइल शौचालय, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन, सफाई, फॉगिंग तथा बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। घाटों और आयोजन स्थलों पर बिजली कनेक्शन की व्यवस्था के साथ-साथ निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि छठ पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। इसके साथ छठ पूजा के सफल और सुचारु आयोजन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

