पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती, आम जनता को बड़ी राहतः वीरेंद्र सचदेवा
नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल एवं डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती का स्वागत करते हुए इसे आम जनता को राहत देने वाला एक जन हितैषी निर्णय बताया।
वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर ऊर्जा क्षेत्र में अस्थिरता, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आपूर्ति श्रृंखलाओं में बाधाओं के कारण दुनियाभर के देशों में महंगाई का दबाव देखा जा रहा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य के बीच सरकार द्वारा लिया गया एक्साइज ड्यूटी घटाने का यह निर्णय यह दर्शाता है कि सरकार आम नागरिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
सचदेवा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी का सीधा लाभ देश के करोड़ों लोगों को मिलेगा। इससे रोजमर्रा के खर्चों में कमी आएगी, खासकर उन परिवारों को राहत मिलेगी जिनकी आय सीमित है।
उन्होंने बताया कि परिवहन लागत घटने से फल, सब्जी, अनाज, दूध एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी नरमी आने की संभावना है, जिससे महंगाई पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि किसान, छोटे व्यापारी, ऑटो-रिक्शा चालक, टैक्सी चालक, ट्रक ऑपरेटर और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र से जुड़े लाखों लोग इस निर्णय से विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। ईंधन की लागत में कमी से उनकी आय में स्थिरता आएगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निर्णय लिए हैं। चाहे कोविड काल हो या वैश्विक आर्थिक संकट, हर परिस्थिति में सरकार ने जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। एक्साइज ड्यूटी में यह कटौती उसी निरंतर प्रयास का एक और प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल तत्काल राहत प्रदान करेगा, बल्कि दीर्घकाल में आर्थिक गतिविधियों को गति देगा, जिससे देश की समग्र अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
वीरेंद्र सचदेवा ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे, जो देश के हर वर्ग को सशक्त बनाने में सहायक होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

