home page

हैदरपुर बादली आरओबी चौड़ीकरण को रेलवे की मिली मंजूरी

 | 
हैदरपुर बादली आरओबी चौड़ीकरण को रेलवे की मिली मंजूरी


नई दिल्ली, 10 मई (हि.स.)। दिल्ली सरकार को उत्तर-पश्चिम दिल्ली की दो महत्वपूर्ण यातायात परियोजनाओं पर बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को जानकारी दी कि रेलवे ने मुकरबा चौक पर यातायात दबाव कम करने के लिए हैदरपुर बादली स्थित आउटर रिंग रोड पर मौजूदा रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के चौड़ीकरण को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके अलावा शालीमार बाग से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर तक रेलवे ट्रैक को पार करने वाले प्रस्तावित एलिवेटेड लूप भी रेलवे ने स्वीकृत कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी परियोजनाओं से राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने का मार्ग और प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली के ये दोनों क्षेत्र लंबे समय से भारी यातायात दबाव से प्रभावित रहे हैं, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री एवं मालवाहक वाहन गुजरते हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के प्रमुख जाम बिंदुओं की पहचान कर वहां स्थायी समाधान विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। मुकरबा चौक, आउटर रिंग रोड और संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र दिल्ली के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों में शामिल हैं। ऐसे में इन परियोजनाओं के लागू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा समय कम होगा और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव