home page

पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट का नोडल सचिव ने किया निरीक्षण, रेलवे सीमेंट साइडिंग यार्ड में आवाजाही पर लगाई रोक

 | 
पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट का नोडल सचिव ने किया निरीक्षण, रेलवे सीमेंट साइडिंग यार्ड में आवाजाही पर लगाई रोक


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के नोडल सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने गुरुवार को पंजाबी बाग स्थित वायु प्रदूषण हॉटस्पॉट का निरीक्षण कर प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रेलवे सीमेंट साइडिंग यार्ड में पूर्व में जारी निर्देशों के अनुपालन का जायजा लिया और संबंधित विभागों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि नोडल सचिव ने 28 अक्टूबर को किए गए पिछले निरीक्षण के दौरान रेलवे सीमेंट साइडिंग यार्ड से उड़ने वाली धूल के कारण हो रहे प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए यार्ड को सील करने सहित कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों की स्थिति जानने के लिए उन्होंने गुरुवार को दोबारा संबंधित स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रेलवे प्रशासन ने यार्ड में बैरिकेडिंग कर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल की एक चौकी स्थापित करने के साथ जवानों की तैनाती भी की गई है, ताकि परिसर में किसी भी प्रकार की अनधिकृत आवाजाही और गतिविधियों को रोका जा सके। नोडल सचिव ने इन व्यवस्थाओं को धूल प्रदूषण पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

ठाकुर ने पंजाबी बाग हॉटस्पॉट के अलावा अन्य स्थानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों से होने वाले उत्सर्जन, सड़कों पर उड़ने वाली धूल, निर्माण एवं विध्वंस गतिविधियों, कचरे के जमाव तथा प्रदूषण के अन्य स्थानीय स्रोतों की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के बाद दिल्ली नगर निगम के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों ने हॉटस्पॉट की मौजूदा स्थिति, विभिन्न विभागों की ओर से किए गए कार्यों और आगे प्रस्तावित सुधारात्मक उपायों की जानकारी दी।

नोडल सचिव ने सभी संबंधित विभागों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त एवं निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने, आपसी समन्वय मजबूत बनाने और चिह्नित प्रदूषण स्रोतों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता हो, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। वर्तमान प्रदूषण सीजन में वायु गुणवत्ता में लगातार गिरावट को देखते हुए सभी विभाग सतर्क और सक्रिय रहें।

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान दिल्ली नगर निगम के पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री, सहायक आयुक्त स्वप्निल सिंह ठाकुर सहित दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति, दिल्ली जल बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी