सीसीटीवी से चोर तक पहुंची पुलिस, चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। सरोजिनी नगर थाना पुलिस ने सेंधमारी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान गुरुग्राम निवासी चंदन (24) और कोटला मुबारकपुर निवासी इमरान (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चांदी की पायल, बिछुए, कलाई घड़ी, परफ्यूम की बोतल, सीसीटीवी कैमरा और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को लक्ष्मीबाई नगर स्थित एक घर में चोरी की सूचना मिली थी। मामले में 26 अगस्त को सरोजिनी नगर थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए एसएचओ इंस्पेक्टर अतुल त्यागी की देखरेख में टीम गठित की गई। टीम ने एसीपी सफदरजंग एन्क्लेव मेलविन वर्गीज की निगरानी में जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस टीम ने वारदात वाली जगह के अलावा आसपास के इलाकों और आरोपी के संभावित आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और जमीनी स्तर पर सत्यापन के बाद पुलिस आरोपी चंदन तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चोरी का सामान खरीदने वाले इमरान को भी गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि चंदन पहले बढ़ई का काम करता था और बाद में गुरुग्राम में वेल्डर बन गया। वह गुरुग्राम से दिल्ली आता था और ऐसे मकानों व क्वार्टरों को निशाना बनाता था, जो खाली रहते थे या लंबे समय से बंद थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी घरों से तार, नल, लोहे का सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी करता था। चोरी किए गए तार और लोहे के सामान को वह स्थानीय कबाड़ी को बेच देता था।
पुलिस के अनुसार, चंदन के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चार मामले साउथ कैंपस थाने और एक मामला हौज खास थाने का है।
वही, इमरान कबाड़ का कारोबार करता है। पुलिस का आरोप है कि वह चोरी के तार और लोहे का सामान खरीदकर उसे आगे बेचता या ठिकाने लगाता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो जोड़ी चांदी की पायल, तीन जोड़ी बिछुए, एक कलाई घड़ी, एक परफ्यूम की बोतल, एक सीसीटीवी कैमरा और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों की गिरफ्तारी से सरोजिनी नगर थाने में दर्ज सेंधमारी के दो मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

