home page

न्याय की मांग कर रहे विधायक कुलदीप कुमार को पुलिस ने हिरासत में लियाः आआपा

 | 
न्याय की मांग कर रहे विधायक कुलदीप कुमार को पुलिस ने हिरासत में लियाः आआपा


नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार को कथित तौर पर दिल्ली पुलिस की ओर से मंगलवार तड़के हिरासत में लिए जाने का आरोप लगाते हुए उसपर की गई कार्रवाई पर सवाल उठाये हैं।

अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सुबह चार बजे सादे कपड़ों में पहुंची दिल्ली पुलिस कुलदीप कुमार को उनके आवास से अपने साथ ले गई। उनके आवास पर लगें सीसीटीवी को तोड़ दिया और डीवीआर साथ ले गई।

केजरीवाल ने कहा कि अब उनके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब एक विधायक को बिना किसी जानकारी और कारण पुलिस घर से उठा कर ले जा सकती है तो इस देश में आम आदमी कहां जाए।

वही, आआपा के बुराड़ी से विधायक संजीव झा मंगलवार को ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से कुलदीप कुमार के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पुलिस को स्पष्ट करना चाहिए कि कुलदीप कुमार को किस मामले में और कहां ले जाया गया है।

संजीव झा ने आरोप लगाया कि कल्याणपुरी में एक सफाई कर्मचारी की हत्या के मामले में न्याय की मांग करने के कारण कुलदीप कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी कुलदीप कुमार के आवास पर पहुंचे और उनकों अपने साथ ले गई।

उन्होंने कहा कि अगर किसी जनप्रतिनिधि को न्याय की मांग करने पर इस तरह हिरासत में लिया जाता है और उसके बारे में पुलिस कोई जानकारी नहीं देती है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से कुलदीप कुमार की स्थिति तत्काल स्पष्ट करने की मांग की।

संजीव झा ने कहा कि वह लगातार पुलिस आयुक्त और संयुक्त पुलिस आयुक्त से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। आआपा नेता ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजधानी में हत्या जैसी घटनाओं पर कार्रवाई की मांग करने वालों को ही हिरासत में लिया जा रहा है।

संजीव झा ने कहा कि कुलदीप कुमार की गलती केवल इतनी थी कि वह सफाई कर्मचारी की हत्या के मामले में न्याय की मांग कर रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने कुलदीप कुमार के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं की तो दिल्ली की जनता का आक्रोश सड़कों पर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पुलिस की इस कार्रवाई को स्वीकार नहीं करेगी और पूरे मामले में स्पष्ट जवाब की मांग करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी