home page

‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ का दिल्ली में 1,250 स्थानों पर होगा मंचन : कपिल मिश्रा

 | 
‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ का दिल्ली में 1,250 स्थानों पर होगा मंचन : कपिल मिश्रा


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। संकल्प सेवा अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरक जीवन, उपलब्धियों व उनके विकसित भारत से जुड़े आग्रहों का ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटक श्रृंखला के जरिए आज से दिल्ली भर में मंचन शुरू किया जा रहा है। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के अंतर्गत साहित्य कला परिषद द्वारा दिल्ली के लगभग 1,250 स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन और उनकी कार्यशैली हर वर्ग के लिए प्रेरणा और संदेश हैं। नाटकों के जरिये स्वच्छता ही सेवा, वोकल फॉर लोकल, बेटियों की शिक्षा जैसे उद्देश्यों का आग्रह होगा साथ ही प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और राजनीतिक शुचिता से भरे कार्यकाल में लोगों का जीवन बदलने और बेहतर करने वाले फैसलों का भी मंचन होगा। गरीब एवं किसान कल्याण की योजनायें जैसे पीएम आवास, एसबीएम शौचालय, सौभाग्य योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन की जानकारी दी जाएगी। मुद्रा लोन और स्टार्ट अप इंडिया जैसे महिला एवं युवा सशक्तिकरण के कदम, भारत की अभेद्य सुरक्षा और विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की कहानी भी लोग देखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के देशहित में लिए ऐतिहासिक फैसलों से देश और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के उनके सफर की भी लोगों को झलक मिलेगी। साथ ही उनके जीवन की अन्य कम चर्चित एवं प्रेरणादायी कहानियों का भी मंचन होगा।

मंत्री ने कहा कि सेवा, स्वच्छता और देश के विकास से जुड़े कार्यों तथा योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक सरल और प्रभावी माध्यम से पहुंचाने के लिए यह श्रृंखला तैयार की गई है।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि अभियान के तहत दिल्लीभर में लगभग 30 से 35 नुक्कड़ नाटक टीमें एक साथ विभिन्न स्थानों पर प्रस्तुतियां देंगी। प्रत्येक मंडल में चार नुक्कड़ नाटक आयोजित करने की योजना बनाई गई है। मंडल स्तर के साथ-साथ बस्तियों, कॉलोनियों, प्रमुख मॉल, बाजारों और ज्यादा आवाजाही वाले स्थानों पर आयोजन होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव