दिल्ली पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड, 100 नए सिपाही बने बल का हिस्सा
-कड़ी ट्रेनिंग के बाद ली शपथ, कानून-व्यवस्था संभालने को तैयार जवान
नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के झरोड़ा कलां स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में शुक्रवार को 100 प्रशिक्षु कॉन्स्टेबलों (बैच नंबर-126) की पासिंग आउट परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कड़ी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ये जवान अब राजधानी की कानून-व्यवस्था संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। समारोह में उपनिदेशक राजबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया और पुलिस सेवा की शपथ ली। इस मौके पर अकादमी के अधिकारी, प्रशिक्षुओं के परिजन और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के दौरान पुलिस प्रक्रिया, आपराधिक कानून, अपराध विज्ञान, साइबर क्राइम और फॉरेंसिक साइंस की गहन जानकारी दी गई। वहीं, शारीरिक प्रशिक्षण के तहत अनआर्म्ड कॉम्बैट, फायरिंग, एंटी-टेरर ऑपरेशन, योग, खेल और फिटनेस गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा दंगा नियंत्रण, आतंकवाद से निपटने, आपदा प्रबंधन, हथियार संचालन और कमांडो कोर्स के तहत विस्फोटक व आईईडी की जानकारी, रेड-एंबुश तकनीक और शहरी अभियान से जुड़े कौशल भी सिखाए गए।
विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षु
इस बीच अकादमी के अतिरिक्त निदेशक ऋछपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस बैच में देश के विभिन्न राज्यों के प्रशिक्षु शामिल हैं। इनमें 15 दिल्ली, 28 हरियाणा, 25 उप्र, 24 राजस्थान, पांच मध्य प्रदेश और एक-एक पंजाब, उत्तराखंड व केरल से हैं। उन्होंने अनुशासन, टीमवर्क और जनसेवा के महत्व पर जोर दिया और सभी प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई।
इन प्रशिक्षुओं ने हासिल किए अवॉर्ड
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। सिपाही अमित कुमार को ऑल राउंड बेस्ट ट्रॉफी के साथ आउटडोर में पहला स्थान मिला। वहीं महिला सिपाही मुकेश रानी ने इंडोर में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी क्रम में सिपाही रॉकी कुमार कमांडो ट्रेनिंग में अव्वल रहे, जबकि सिपाही वीरेंद्र सिंह और महिला सिपाही ज्योति पुलिस प्रक्रियाओं में प्रथम रहे। परेड कमांडर कॉन्स्टेबल रोहन चौधरी को आरआरयू सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

