योग जीवन को संतुलित और समाज को सकारात्मक बनाने का माध्यम : प्रवेश साहिब सिंह
नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने नई दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित चार योग कार्यक्रमों में भाग लेकर नागरिकों को योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सुबह सबसे पहले कनॉट प्लेस स्थित दिगंबर जैन मंदिर, भगवान भरत स्थली विशाल प्रतिमा परिसर में आयोजित योग सत्र हिस्सा लिया, जहां आचार्य श्री 108 विमर्श सागर महाराज, आचार्य श्री 108 प्रज्ञा सागर जी महाराज एवं उनके संघ के सान्निध्य में योगाभ्यास किया।
इसके पश्चात प्रवेश साहिब सिंह ने एच-ब्लॉक, टाइप-2, कालीबाड़ी मार्ग, गोल मार्केट में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा तथा स्थानीय निवासियों के साथ योग किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की वह अमूल्य धरोहर है जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है।
उसके बाद दुर्गा पूजा पार्क, शाहजहाँ रोड, जूनियर मॉडर्न स्कूल के निकट आयोजित कार्यक्रम में भी उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ योगाभ्यास किया और सभी नागरिकों से स्वस्थ, सशक्त एवं खुशहाल समाज के निर्माण के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इसके अलावा लाल किला ग्राउंड में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता की। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी आशा दीदी, पुष्पा दीदी, शुक्ला दीदी, चक्रधारी दीदी एवं अजय राजयोगिनी दीदी की प्रेरणादायी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “वृद्धों का सदा सम्मान” था, जिसने योग के साथ-साथ समाज में संवेदनशीलता, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, “योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन को शांत, विचारों को सकारात्मक और जीवन को संतुलित बनाने की शक्ति देता है। आज जब दुनिया तनाव और भागदौड़ से जूझ रही है, तब योग हमें स्वयं से जुड़ने और समाज को जोड़ने का मार्ग दिखाता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना ले, तो हम एक स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

