home page

'संसद चलो' मार्च, हालात अभी भी तनावपूर्ण

 | 

नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन नीट पेपर लीक मामले को लेकर राजधानी में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया। इस बीच, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने ऐलान किया है कि संसद तक मार्च मंगलवार को भी जारी रहेगा। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में अपना अनशन समाप्त करने का फैसला टाल दिया है। दूसरी ओर, मार्च के दौरान हुई हिंसा और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने जंतर-मंतर पर धरना स्थल से कहा कि पार्टी अपने आंदोलन पर अडिग है। संसद तक मार्च मंगलवार को भी जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ सख्ती और बर्बरता की। दिपके के मुताबिक, सोनम वांगचुक मंगलवार को अपना आमरण अनशन समाप्त करने वाले थे और उन्हें इसके लिए मना भी लिया गया था, लेकिन पुलिस कार्रवाई के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल दिया और अनशन जारी रखने का निर्णय लिया।

सोमवार को 'संसद चलो' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कई स्थानों पर धक्का-मुक्की और झड़प हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद कुछ स्थानों पर हिंसा और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं।

दिल्ली पुलिस ने मार्च के दौरान सरकारी और अन्य वाहनों में हुई तोड़फोड़ को गंभीरता से लेते हुए कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज तथा वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

उधर, अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर सफदरजंग अस्पताल ने नया हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। अस्पताल के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और पिछले 24 घंटों के दौरान स्वास्थ्य में कुछ सुधार दर्ज किया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनके सभी महत्वपूर्ण शारीरिक पैरामीटर (वाइटल्स) सामान्य और स्थिर है।

अस्पताल के मुताबिक, सोनम वांगचुक का ब्लड शुगर अभी भी सामान्य स्तर से कम है, लेकिन उन्हें ओरल रीहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओआरएस) और पोटैशियम सिरप दिए जाने के बाद रक्त संबंधी जांच रिपोर्ट में सुधार देखा गया है। चिकित्सकों ने बताया कि वह अभी भी हल्के से मध्यम स्तर के डिहाइड्रेशन से उबर रहे हैं। इसी कारण उन्हें सफदरजंग अस्पताल और एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम की निगरानी में रखा गया है और उनका उपचार लगातार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी