मंत्री पंकज कुमार सिंह ने द्वारका सेक्टर-14 से कापसहेड़ा के एनएसयूटी तक निकाली तिरंगा यात्रा
नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत दिल्ली के स्वास्थ्य, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को साउथ-वेस्ट दिल्ली के द्वारका सेक्टर-14 स्थित वेगास मॉल से लेकर कापसहेड़ा के एनएसयूटी तक धूमधाम से तिरंगा यात्रा निकाली गई।
तिरंगा यात्रा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सब एक साथ मिलकर 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर धूमधाम से आजादी का जश्न मनाने के लिए जुटे हैं। 15 अगस्त 1947 के ऐतिहासिक दिन देश को आजादी मिली थी, वो दिन भारत के गौरवशाली इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
उन्होंने कहा कि शान से लहराता तिरंगा झंडा हमारे उन भारतीय शूरवीरों की बहादुरी, अदम्य साहस, शौर्य, बलिदान और देशभक्ति की अमिट गाथा का प्रतीक है, जिन्होंने अंग्रेजों से देश को आजाद कराने में अपना सब-कुछ न्यौछावर कर दिया था। उन्होंने कहा कि आज हमारी हाथों में शान से लहराता तिरंगा भारत की संप्रभुता और गौरव का अहसास कराता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में शुरू हुआ 'हर घर तिरंगा' अभियान और तिरंगा यात्रा देश के करोड़ों भारतवासियों के संकल्प, संस्कार, संस्कृति और युवाओं में ऱाष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना जागृत करने का विराट अभियान है। आज की यात्रा में शामिल लोग तिरंगे के साथ जुड़कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने इस अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल हो रहे सभी दिल्ली वासियों से अपील है कि वह एक साथ जुड़कर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति का जश्न मनाएं। आजादी के गौरव के साथ दिल्ली को 'विकसित भारत की विकसित राजधानी' बनाने का संकल्प लें।
पंकज कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा एक देश, एक राष्ट्र के आज़ादी के प्रतीक में निकाली गई है। लोगों के राष्ट्र भक्ति की भावना को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता है। इस यात्रा में शामिल सभी लोगों का उन्होंने आभार व्यक्त किया।
तिरंगा यात्रा में सांसद कमलजीत सहरावत, स्थानीय विधायक, जिला महामंत्री के साथ राष्ट्रभक्त नागरिकों का जन-सैलाब उमड़ पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

