home page

खाद्य तेलों की कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ा : देवेंद्र यादव

 | 
खाद्य तेलों की कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ा : देवेंद्र यादव


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने खाद्य तेलों की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। सरसों का तेल करीब 220 रुपये प्रति लीटर, सूरजमुखी का तेल 212 रुपये और सोयाबीन का तेल 191 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल खाद्य तेलों की इन कीमतों ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

देवेंद्र यादव ने रविवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि सरसों का तेल अगले कुछ महीने तक महंगा रह सकता है। ऐसे में सवाल है कि दिल्ली सरकार बताए कि सीमित आमदनी में गुजारा करने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार आखिर अपनी रसोई का बजट कैसे चलाएं? पहले से ही दाल, आटा, चावल और सब्जियों की कीमतों से परेशान जनता पर खाद्य तेलों की महंगाई ने एक और आर्थिक बोझ डाल दिया है।

उन्होंने ने कहा कि यदि कोई परिवार महीने में केवल 5 लीटर खाद्य तेल खरीदता है, तो सरसों के तेल पर ही करीब 1,100 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। सूरजमुखी तेल पर 1,060 रुपये और सोयाबीन तेल पर 955 रुपये का खर्च आएगा। यह केवल तेल का खर्च है, इसमें दाल, सब्जी, दूध, आटा, चावल और रसोई गैस का खर्च शामिल नहीं है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम परिवार की मासिक रसोई का बजट किस तरह बिगड़ रहा है।

दिल्ली कांग्रेस की सरकार से मांग है कि खाद्य तेलों, दालों और आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को रसोई के बढ़ते खर्च से राहत देने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव