home page

एनएसयूआई का सीबीएसई की ओएसएम नीति के खिलाफ प्रदर्शन

 | 
एनएसयूआई का सीबीएसई की ओएसएम नीति के खिलाफ प्रदर्शन


नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने गुरुवार को कक्षा 12वीं के छात्रों पर लागू की जा रही ओएसएम नीति के विरोध में इंदिरा भवन से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) मुख्यालय शिक्षा सदन तक विरोध मार्च निकाला। इस प्रदर्शन में सैकड़ों एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और “वी रेजेक्ट ओएसएम” के नारे लगाते हुए नीति को तुरंत वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान सीबीएसई कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शिक्षा सदन तक मार्च कर छात्रों की आवाज बुलंद करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ओएसएम प्रणाली लाखों छात्रों के बीच भ्रम और अनावश्यक मानसिक दबाव पैदा कर रही है।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि सीबीएसई को छात्रों के भविष्य के साथ प्रयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ओएसएम प्रणाली पूरी तरह छात्र विरोधी है और इसने देशभर के छात्रों एवं अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है।

उन्होंने कहा कि एनएसयूआई इस नीति को पूरी तरह खारिज करती है और इसकी तत्काल वापसी की मांग करती है। छात्रों को पारदर्शी और छात्र हितैषी परीक्षा प्रणाली चाहिए, न कि भ्रम और मानसिक तनाव।

विनोद जाखड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सीबीएसई छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से नहीं लेता है, तो एनएसयूआई राष्ट्रीय स्तर पर अपने आंदोलन को और तेज करेगी।

प्रदर्शन में मौजूद एनएसयूआई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोहराया कि संगठन छात्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा और किसी भी छात्र विरोधी नीति का पुरजोर विरोध करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी