एनएसयूआई के 56वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस की भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने गुरुवार को अपना 56वां स्थापना दिवस इंदिरा भवन में बड़े उत्साह के साथ मनाया। इसमें देशभर से छात्रों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और संगठन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को मजबूत करना एनएसयूआई की प्रमुख जिम्मेदारी है। एनएसयूआई की संस्थापक इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हाेंने कहा कि उनके विचार और आदर्श आज भी संगठन का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
इंदिरा भवन में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विनोद जाखड़ ने छात्र आंदोलनों की भूमिका, कैंपस से जुड़े रहने के महत्व और देश के भविष्य को आकार देने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि एनएसयूआई का यह स्थापना दिवस समारोह छात्रों को सशक्त बनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और युवाओं के नेतृत्व में एक प्रगतिशील भविष्य के निर्माण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम बड़ी संख्या में छात्रों की भागीदारी दर्ज की गई। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के माध्यम से कार्यक्रम को और जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अल्का लांबा, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब तथा अंशुल त्रिवेदी, एआईसीसी कोऑर्डिनेटर एवं एनएसयूआई प्रभारी की उपस्थिति रही।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

