home page

दिल्ली सरकार के दो अस्पतालों को एनक्यूएएस का प्रमाण पत्र मिला स्वास्थ्य प्रणाली के लिए बड़ी उपलब्धि : पंकज कुमार सिंह

 | 
दिल्ली सरकार के दो अस्पतालों को एनक्यूएएस का प्रमाण पत्र मिला स्वास्थ्य प्रणाली के लिए बड़ी उपलब्धि : पंकज कुमार सिंह


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली की स्वास्थ्य प्रणाली ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जिसके तहत राजधानी के दो प्रमुख सरकारी अस्पतालों को 'राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक' (एनक्यूएएस) ढांचे के अंतर्गत प्रतिष्ठित 'गुणवत्ता प्रमाणित' मान्यता प्रदान की गई है। लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ने राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन प्रक्रिया में 95.89 फीसदी का प्रभावशाली स्कोर हासिल किया, जबकि पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल ने 96.72 फीसद अंक लाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने आज वक्तव्य में कहा कि यह प्रमाण पत्र स्वास्थ्य सेवा के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दिखाई गई उत्कृष्टता के आधार पर दिया गया है, जिनमें ओपीडी सेवाएं, आईसीयू सुविधाएं, ब्लड बैंक, लेबर रूम, रेडियोलॉजी, लैबोरेटरी, आपातकालीन देखभाल, मातृ स्वास्थ्य सेवाएं और कई अन्य क्लिनिकल और सहायक विभाग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दिल्ली के सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह नागरिकों को बेहतर, आधुनिक और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने पर दिल्ली सरकार के निरंतर फोकस को दर्शाती है। दिल्ली सरकार के व्यापक सोच के तहत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता मानकों, बुनियादी ढांचे और रोगी अनुभव को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि पिछली सरकार के विपरीत हम खोखले वादों के बजाय काम करने में विश्वास रखते हैं। वर्षों तक दिल्ली की स्वास्थ्य प्रणाली दूरदर्शिता, जवाबदेही और सार्थक सुधारों की कमी के कारण दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को नुकसान उठाना पड़ा। कायाकल्प पहल के तहत सभी दिल्ली सरकार के अस्पतालों में सफाई और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में राजधानी के सरकारी अस्पतालों में 14 एमआरआई मशीनें और 25 से अधिक अल्ट्रासाउंड मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। दिल्ली सरकार के अस्पतालों में उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार के अस्पताल स्वास्थ्य सेवा वितरण में वैश्विक मानदंडों की तरफ लगातार अग्रसर हैं, जिसमें बेहतर सफाई, चिकित्सा के मजबूत बुनियादी ढांचे और नैदानिक सेवाओं तक पहुंच शामिल है। सरकारी अस्पतालों में एमआरआई और अल्ट्रासाउंड मशीनों की लगातार बढ़ोतरी नैदानिक क्षमता को और बेहतर बनाएगी और रोगियों की असुविधा को कम करेगी।

'राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक' (एनक्यूएएस) प्रमाणन एक मजबूत, नागरिक-केंद्रित स्वास्थ्य प्रणाली के निर्माण के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का सटीक उदाहरण है, जहां प्रत्येक नागरिक गरिमा और विश्वास के साथ गुणवत्तापूर्ण इलाज प्राप्त कर सकता है। यह उपलब्धि यह सुनिश्चित करते हुए कि विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली के भीतर तेजी से सुलभ हों। 'स्वस्थ दिल्ली, सशक्त दिल्ली' के हमारे विजन को और अधिक मजबूत करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव