भतीजी ने चाचा की हत्या और लूट की रची साजिश, तीन गिरफ्तार, जिम संचालक फरार
नई दिल्ली, 02 सितंबर (हि.स.)। रोहिणी सेक्टर-3 में बुजुर्ग की हत्या कर घर में लूटपाट के मामले का दक्षिण रोहिणी थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में मृतक की 23 वर्षीय भतीजी सिमरन तनेजा भी शामिल है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सिमरन को वारदात की मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। पुलिस ने उसके दो साथियों चिराग और पारस को भी गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में कथित रूप से शामिल जिम संचालक हिमांशु फरार है।
पुलिस के अनुसार, एक सितंबर की रात करीब 8:14 बजे रोहिणी सेक्टर-3 स्थित मकान नंबर जी-30/67-68 से पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना थी कि घर में चोरी हुई है और एक व्यक्ति अंदर बेहोश पड़ा है। सूचना मिलते ही रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल, अतिरिक्त डीसीपी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस बीच परिवार के लोग करीब 60 वर्षीय राकेश खन्ना को जयपुर गोल्डन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामला हत्या और लूट से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। स्थानीय पुलिस टीम ने एफएसएल और क्राइम टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपितों ने घर की रेकी की थी और पूरी घटना की पहले से योजना बनाई गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपितों ने 30 अगस्त को घर और आसपास के इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी थी। इसके बाद एक सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे तीन आरोपित घर के अंदर दाखिल हुए, जबकि उनका एक साथी बाहर रहकर निगरानी कर रहा था। आरोपितों ने घर में लूटपाट की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर से करीब 1.5 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण लूटे गए थे।
जांच के दौरान मृतक की भतीजी सिमरन तनेजा की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस के अनुसार, सिमरन प्राथमिक शिक्षिका है और बुराड़ी के हरित विहार इलाके में रहती है। प्रारंभिक जांच में उसकी भूमिका मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या और लूट की योजना किस तरह तैयार की गई तथा वारदात में उसकी और अन्य आरोपितों की क्या भूमिका थी।
पुलिस ने बुराड़ी की बाबा कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय चिराग को गिरफ्तार किया है। वह बाबा कॉलोनी स्थित द बीस्ट जिम में जिम ट्रेनर है। तीसरा गिरफ्तार आरोपित 19 वर्षीय पारस है, जो 12वीं कक्षा का छात्र है। पुलिस के मुताबिक, पारस पहले मुखर्जी नगर थाने में दर्ज एक मामले में भी शामिल रहा है।
वारदात में कथित रूप से शामिल हिमांशु बुराड़ी का रहने वाला है और जिम संचालक बताया गया है। वह फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये नकद और चोरी किए गए सोने के कुछ आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस अब लूटे गए बाकी सामान की बरामदगी के लिए आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के बाद शेष रकम और आभूषण कहां छिपाए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और राकेश खन्ना की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।
इस संबंध में दक्षिण रोहिणी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपित हिमांशु की गिरफ्तारी के साथ-साथ लूटे गए बाकी सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

