नेहरू हिल पार्क में कथित अवैध बकरा बाजार को लेकर विवाद, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। दिल्ली के रामलीला मैदान स्थित नेहरू हिल पार्क में लगाए गए कथित बकरा बाजार को लेकर विवाद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अमित गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर नगर निगम द्वारा जारी आवंटन रसीद को रद्द करने और मामले में कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि दिल्ली नगर निगम अधिकारियों ने कथित दबाव में आकर नेहरू हिल पार्क को एक फर्जी आरडब्ल्यूए के नाम आवंटित कर दिया, जिसके बाद वहां बकरा बाजार संचालित किया जा रहा है।
भाजपा नेता अमित गुप्ता ने दावा किया कि आवंटन रसीद में कहीं भी बकरा बाजार लगाने का उल्लेख नहीं है और यह “अवैध कब्जे को वैध करने” का प्रयास है।
भाजपा नेता अमित गुप्ता ने कहा कि माता सुंदरी रोड, गांधी मार्केट और मिंटो रोड जैसे मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों के नागरिक इस फैसले से नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने 8 मई से पहली बार पार्क में बकरे बांधकर बाजार शुरू किया था।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विभाग ने दो बार संबंधित पुलिस थाने में शिकायत देकर पार्क से कथित अवैध कब्जा हटाने का प्रयास किया, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। बाद में 21 से 27 मई तक के लिए लगभग 1.07 लाख रुपये लेकर पार्क का आवंटन किए जाने की जानकारी सामने आई।
अमित गुप्ता ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में इस क्षेत्र के नेहरू हिल पार्क में कभी बकरा बाजार नहीं लगा। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली सरकार सार्वजनिक स्थलों पर बकरों की कुर्बानी नहीं होने देने की बात कह रही है, तब पार्क का इस प्रकार आवंटन किया जाना गलत है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आवंटन रद्द करने की मांग की। भाजपा नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

