home page

एनडीएमसी मंगलवार को करेगी “मेगा ट्री प्लांटेशन ड्राइव” का आयोजन, लगभग 600 वृक्ष एवं 50,000 झाड़ियां लगाने का लक्ष्य निर्धारित

 | 
एनडीएमसी मंगलवार को करेगी “मेगा ट्री प्लांटेशन ड्राइव” का आयोजन, लगभग 600 वृक्ष एवं 50,000 झाड़ियां लगाने का लक्ष्य निर्धारित


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) मंगलवार को प्रातः 7 जुलाई को अपने क्षेत्र के 34 स्थानों पर मेगा ट्री प्लांटेशन ड्राइव आयोजित करेगी। यह जानकारी एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सोमवार को दी।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज पत्रकार विज्ञप्ति जारी कर जानकारी देते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल दिल्ली सरकार के 70 लाख वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसी अभियान के अंतर्गत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) भी अपने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान आयोजित करेगी तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाएगी।

कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत लगभग 600 वृक्ष एवं 50 हजार झाड़ियां लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए एनडीएमसी द्वारा 50 हजार से अधिक गड्ढे पूर्व तैयार किए जा चुके हैं। अभियान के तहत पीपल, नीम, जामुन, इमली, चंपा, अशोक, गुलमोहर, अमलतास सहित अनेक देशी एवं पर्यावरण अनुकूल वृक्ष लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त हैमेलिया, जस्टिसिया, कैना लिली, चांदनी तथा अन्य सजावटी एवं देशी प्रजातियों की झाड़ियां भी रोपी जाएंगी, जिससे हरित क्षेत्र की जैव विविधता और सौंदर्य दोनों में वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में एनडीएमसी के सभी परिषद सदस्य, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे उत्साह के साथ अलग अलग क्षेत्रो में पेड़ लगाकर भाग लेंगे।

चहल ने कहा कि एनडीएमसी के लिए वृक्षारोपण केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत जन-आंदोलन है। परिषद द्वारा 'एक पेड़ मां के नाम ऑन संडे' अभियान के अंतर्गत लगातार 31 रविवारों से वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न राष्ट्रीय पर्वों, विशेष अवसरों एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान भी नियमित रूप से वृक्षारोपण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (एमटीए), विद्यालयों, विभिन्न संस्थानों तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही है, जिसने इसे जनभागीदारी का एक सफल एवं प्रेरणादायी अभियान बना दिया है।

चहल ने बताया कि एनडीएमसी वर्तमान में अपने क्षेत्र में लगभग 1,450 एकड़ हरित क्षेत्र का रखरखाव कर रही है, जिसमें 6 प्रमुख उद्यान, 122 कॉलोनी पार्क, 981 सीपीडब्ल्यूडी अनुरक्षित पार्क, 52 विद्यालयीय हरित क्षेत्र, 51 राउंडअबाउट, 14 मार्केट गार्डन तथा लगभग 15,000 सड़क किनारे वृक्ष शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का केवल लगभग 3 प्रतिशत क्षेत्र होने के बावजूद एनडीएमसी दिल्ली के लगभग 55 प्रतिशत हरित आवरण में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

उन्होंने नई दिल्ली क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे 'एक पेड़ मां के नाम' अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।

चहल ने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे अभियानों के माध्यम से एनडीएमसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ, हरित, सतत एवं पर्यावरण-सचेत भारत के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। यह पहल जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा शहरी हरित क्षेत्रों के विस्तार के माध्यम से एक समावेशी, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल नई दिल्ली के निर्माण के प्रति एनडीएमसी की दृढ़ प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी