एनसीआर के लिए ग्रीन एसएम की ऐप-आधारित इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा की शुरुआत
नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा एवं परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने आज दिल्ली सचिवालय से दिल्ली-एनसीआर के लिए ग्रीन एसएम की ऐप-आधारित इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आज दिल्ली-एनसीआर में 1,000 इलेक्ट्रिक टैक्सियों के साथ ग्रीन एसएम ऐप का भी शुभारंभ किया गया। कंपनी की योजना आगामी एक वर्ष में इस सेवा का विस्तार कर दिल्ली-एनसीआर में 10 हजार वाहनों तक पहुंचाने की है। इस अवसर पर जीएसएम के वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ग्लोबल सीईओ) गुयेन वान थान्ह तथा विन ग्रुप के एशिया मुख्य कार्यकारी अधिकारी फाम सान्ह चाऊ भी उपस्थित रहे।
ग्रीन एसएम एक वियतनाम आधारित कंपनी है, जिसने भारत के तमिलनाडु में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया है। कंपनी ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अंतर्गत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के माध्यम से भारत में महत्वपूर्ण निवेश किया है।
इस अवसर पर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ऐसी हरित पहलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो प्रदूषण को कम करें और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाएं। चाहे बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान हों, स्वच्छ प्रौद्योगिकियों का उपयोग हो या ग्रीन मोबिलिटी को अपनाना हो, हर प्रयास एक स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में सहायक है। इस टैक्सी सेवा का शुभारंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली सचिवालय से इस इलेक्ट्रिक वाहन पहल का शुभारंभ हमारे स्वच्छ, हरित और प्रदूषण-मुक्त दिल्ली के संकल्प को दर्शाता है। ग्रीन मोबिलिटी दिल्ली की बेहतर शहरी परिवहन व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है और यह दिल्ली ईवी नीति के उद्देश्यों के अनुरूप स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन समाधानों को बढ़ावा देने, वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने तथा वायु गुणवत्ता में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ईवी फ्लीट का विस्तार करने की दिशा में उठाया गया प्रत्येक कदम एक स्वस्थ पर्यावरण और नागरिकों के बेहतर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार सतत परिवहन को बढ़ावा देने तथा भविष्य के लिए पर्यावरण-अनुकूल राजधानी के निर्माण हेतु प्रतिबद्ध है।”
ग्रीन एसएम के वाहनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, जो तमिलनाडु में एफडीआई समर्थित ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अंतर्गत निर्मित किए जा रहे हैं, माननीय मंत्री सिरसा ने कहा, “ये वाहन ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की सफलता का उत्कृष्ट उदाहरण हैं और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाते हैं। भारत में निर्मित ये वाहन देश की बढ़ती विनिर्माण क्षमता और तकनीकी दक्षता को प्रदर्शित करते हैं तथा स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन व्यवस्था के निर्माण में योगदान देते हैं।”
इन टैक्सियों में अत्याधुनिक सुरक्षा तकनीकों को शामिल किया गया है, जिनमें एआई आधारित आंतरिक एवं बाहरी कैमरे, रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम तथा चालक और यात्रियों दोनों के लिए आपातकालीन एसओएस बटन शामिल हैं। प्रत्येक वाहन में सड़क, चालक तथा यात्री क्षेत्र की निगरानी के लिए समर्पित कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा एवं जवाबदेही को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। कंपनी ने अपने परिचालन में महिला चालकों की भागीदारी बढ़ाने की योजना बनाई है।
दिल्ली सरकार स्वच्छ परिवहन समाधानों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा स्वच्छ वायु, कम कार्बन उत्सर्जन और अधिक टिकाऊ भविष्य के निर्माण में योगदान देने वाली पहलों को पूर्ण समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

