home page

आशा कार्यकर्ताओं का मासिक प्रोत्साहन बढ़ाकर किया दोगुना, 6,000 रुपये मिलेंगे

 | 
आशा कार्यकर्ताओं का मासिक प्रोत्साहन बढ़ाकर किया दोगुना, 6,000 रुपये मिलेंगे


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के निर्धारित मासिक प्रोत्साहन को दोगुना कर 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये करने का निर्णय लिया गया है। यह वृद्धि दिल्ली में सभी कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं पर लागू होगी। अन्य प्रोत्साहन पहले की तरह जारी रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा कार्यकर्ता दिल्ली की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देती हैं, परिवारों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करती हैं तथा गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं की देखभाल से संबंधित सेवाओं में सहयोग करती हैं। स्वास्थ्य एवं पोषण दिवसों, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों, सर्वेक्षणों और सामुदायिक बैठकों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी आशा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की थीं। दिल्ली में 6,725 पदों पर आशा कार्यकर्ता कार्यरत हैं। सामान्यतः एक आशा कार्यकर्ता लगभग 2,000 लोगों या 400 परिवारों से जुड़ी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार आशा वर्करों का मानदेय बढ़ाने पर लगतार विचार विमर्श कर रही थी। यह निर्णय सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल था, जिसे पूरा कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मासिक प्रोत्साहन में वृद्धि आशा कार्यकर्ताओं के योगदान के सम्मान के साथ-साथ उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उनके कार्य के प्रति उत्साह और सेवा निरंतरता को बल मिलेगा। साथ ही, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और महिला आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने में भी सहायता मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव