मंत्री कपिल मिश्रा ने सोनिया विहार में विधायक कैंप कार्यालय का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बुधवार को करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में जीरो पुश्ता सोनिया विहार में विधायक कैंप कार्यालय का उद्घाटन किया। इस कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को जनप्रतिनिधियों तक आसानी से पहुंचने और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। उद्घाटन समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंत्री कपिल मिश्रा ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि आज के शुभ दिन दिल्ली सरकार के माध्यम से एक बड़े कार्यालय की शुरुआत की गई है। कपिल मिश्रा यहां से विधायक है। उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली सरकार आपके द्वार’ के मंत्र के साथ खोले गए इस कार्यालय का उद्देश्य जनता को सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करना है।
कपिल मिश्रा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की शिकायतों के समाधान के साथ-साथ यहां विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी, ताकि स्थानीय नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी हो और उन्हें इसके लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि करावल नगर के नागरिकों की सेवा और क्षेत्र का विकास प्राथमिकता है। यह कार्यालय जनता की सेवा के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगा। करावल नगर के विकास के माध्यम से ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को और मजबूत किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

