वृक्षारोपण अभियान की सफलता जीवित पौधों से मापी जाती है : विजेंद्र गुप्ता
नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक सफलता लगाए गए पौधों की संख्या से नहीं, बल्कि उन पौधों के जीवित रहकर विकसित होने से मापी जाती है। यह बात शनिवार को विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी सेक्टर-14 स्थित चित्रगुप्त पार्क, डीडीए डिस्ट्रिक्ट पार्क में आयोजित मेगा वृक्षारोपण अभियान के दौरान कही।
यह अभियान दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा संपूर्णा एवं भारतीयम ट्रस्ट के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में जनभागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 500 देशी जामुन के पौधे लगाए गए तथा स्थानीय प्रजातियों के वृक्षों के माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि निरंतर जनभागीदारी और दीर्घकालिक पर्यावरणीय प्रयासों के कारण रोहिणी आज दिल्ली के सबसे हरित क्षेत्रों में से एक बन चुका है। उन्होंने कहा कि डिस्ट्रिक्ट पार्क से प्रारंभ हुआ यह अभियान प्रत्येक घर तक पहुंचना चाहिए और इसे एक व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए, ताकि नागरिक दिल्ली की हरित संपदा के संरक्षण एवं विस्तार में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नीम और जामुन जैसे देशी वृक्ष स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए सर्वाधिक उपयुक्त हैं तथा इन्हें बड़े पैमाने पर लगाया जाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपने-अपने मोहल्लों और पार्कों में वृक्षारोपण अभियान आयोजित करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे की देखभाल कर उसे जीवित रखना और विकसित करना सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना और उसे एक स्वस्थ वृक्ष के रूप में विकसित करना, दोनों में बहुत बड़ा अंतर है। हमारी जिम्मेदारी वृक्षारोपण के साथ समाप्त नहीं होती, बल्कि वहीं से प्रारंभ होती है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रत्येक पौधे का समर्पण भाव से संरक्षण करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

