home page

दिल्ली रिज में मेगा वृक्षारोपण अभियान, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और पर्यावरण मंत्री सिरसा ने किया पौधारोपण

 | 
दिल्ली रिज में मेगा वृक्षारोपण अभियान, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और पर्यावरण मंत्री सिरसा ने किया पौधारोपण


नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के तहत शुक्रवार को दिल्ली रिज स्थित पीबीजी ग्राउंड में मेगा वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में दिल्ली के मुख्य सचिव राजीव वर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पौधारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित रहे।

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली अपने इतिहास के सबसे बड़े वृक्षारोपण अभियान का साक्षी बन रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रेरणा से दिल्ली रिज और अन्य चिन्हित हरित क्षेत्रों में इको-रिस्टोरेशन कार्यक्रम के तहत 15 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेड़ माँ के नाम आह्वान से प्रेरित है। सरकार का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे की वैज्ञानिक तरीके से जियो-टैगिंग कर उसकी नियमित निगरानी और सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए अगले 10 वर्षों की दीर्घकालिक वृक्षारोपण रणनीति तैयार की गई है, जिसमें देशी प्रजातियों के वृक्षों को प्राथमिकता दी जा रही है।

सिरसा ने कहा कि देशी प्रजातियों के वृक्ष अधिक ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, कम पानी में विकसित होते हैं तथा प्रदूषण कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी हरित विरासत तैयार करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है और इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण आधार है।

उन्होंने बताया कि अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। न्यायपालिका, 70 से अधिक देशों के राजनयिक, शैक्षणिक संस्थान, धार्मिक संगठन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि लगातार इस अभियान से जुड़ रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण जनआंदोलन का स्वरूप ले रहा है।

पर्यावरण मंत्री ने राजधानी में वर्षों से मौजूद लिगेसी कचरे के पहाड़ों के वैज्ञानिक निस्तारण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में लगभग 60 प्रतिशत लिगेसी वेस्ट का निस्तारण किया जा चुका है, जिससे बड़ी मात्रा में भूमि पुनः उपयोग के लिए उपलब्ध हुई है और उसे हरित क्षेत्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कचरे के पहाड़ों को समाप्त करने और बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण जैसे दोनों अभियान मिलकर दिल्ली को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन ला रहे हैं। अभियान के अंत में सिरसा ने दिल्ली सरकार के अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से दिल्ली को विश्वस्तरीय हरित महानगर बनाया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी