home page

एमसीडी की स्थायी समिति की बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

 | 
एमसीडी की स्थायी समिति की बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित


- पक्ष-विपक्ष के सभी पार्षदों को अपने मुद्दे और सुझाव रखने का पूरा अवसर दिया गया : सत्या शर्मा

नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की बैठक मंगलवार को आयोजित हुई। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इस दौरान पक्ष एवं विपक्ष के पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं, मुद्दे और सुझाव रखने का पूरा अवसर दिया गया।

स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति लोकतांत्रिक संवाद और जनहित के विषयों पर सार्थक चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में पार्षदों की ओर से उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम, स्वाइन फ्लू, अवैध प्ले स्कूल, सार्वजनिक स्थानों पर अवैध अतिक्रमण, अवैध खाने के ठेले और खुले में तंदूर के इस्तेमाल, बेसहारा पशुओं, पार्कों के रखरखाव, प्रदूषण और स्वच्छता व्यवस्था सहित कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

डेंगू-मलेरिया की रोकथाम पर जोर

सत्या शर्मा ने डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग कराने के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि इन अभियानों में संबंधित क्षेत्र के पार्षदों को भी सक्रिय रूप से शामिल किया जाए।

स्वाइन फ्लू को लेकर जागरूकता अभियान

दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामलों का संज्ञान लेते हुए स्थायी समिति अध्यक्ष ने नागरिकों को बीमारी से बचाव और आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।

अवैध प्ले स्कूलों पर कार्रवाई के निर्देश

बैठक में दिल्ली में संचालित अवैध प्ले स्कूलों का मुद्दा भी उठाया गया। सत्या शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे संस्थानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अवैध खाने के ठेले और खुले में तंदूर पर कार्रवाई

सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से संचालित खाने के ठेलों तथा खुले में तंदूर के इस्तेमाल का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। स्थायी समिति अध्यक्ष ने अधिकारियों को ऐसे स्थानों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

आवारा पशुओं के लिए नई गौशालाओं की जरूरत

सत्या शर्मा ने दिल्ली में आवारा एवं बेसहारा गायों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि सड़कों पर पशुओं की मौजूदगी से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर नई गौशालाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया जाएगा। इससे सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को सुरक्षित रूप से निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया जा सकेगा।

सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति का उद्देश्य केवल प्रस्ताव पारित करना नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में उठाए गए जनहित के विषयों पर समयबद्ध कार्रवाई करने और संबंधित विभागों की ओर से की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जनस्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े विषय सीधे दिल्लीवासियों के दैनिक जीवन को प्रभावित करते हैं। इन सभी विषयों पर निगम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी