नगर निगम स्थायी समिति की अध्यक्ष ने शाहदरा के आजाद नगर का किया निरीक्षण
- आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने वार्ड संख्या 214 (पश्चिम आजाद नगर) का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, क्षेत्रीय उप आयुक्त पुंशीबा सिंह, क्षेत्रीय पार्षद नीलम चौधरी तथा वार्ड के अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उस सामुदायिक केंद्र के रख-रखाव कार्यों का भी अवलोकन किया गया, जिसे आयुष्मान आरोग्य मंदिर में परिवर्तित किया जा रहा है। सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर उन्होंने उस सामुदायिक केंद्र में संचालित एमसीडी के औषधालयों की सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और विस्तार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनने से स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आम जनता को इसका लाभ जल्द मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

