home page

नगर निगम में स्थायी समिति की बैठक में नौ सदस्यों का कार्यकाल पूर्ण, पद से निवृत्त

 | 
नगर निगम में स्थायी समिति की बैठक में नौ सदस्यों का कार्यकाल पूर्ण, पद से निवृत्त


नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति से मंगलवार को कुल 18 में से 9 पार्षदों को ड्रा (लॉट) के माध्यम से पद निवृत्त किया गया। यह प्रक्रिया स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संपन्न हुई।

बैठक में 12 वार्ड समितियों से चुने गए सदस्यों में से एक-एक सदस्य को पद निवृत्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। डीएमसी एक्ट के प्रावधानों के अनुसार ड्रा के माध्यम से 9 सदस्यों को पद निवृत्त किया गया।

इस दौरान वार्ड समितियों से चुने गए सदस्यों की पर्चियां निकाली गईं। ड्रा में आम आदमी पार्टी (आआपा) के पार्षद अंकुश नारंग तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद शिखा भारद्वाज, इंद्रजीत सहरावत, नीमा भगत, राजपाल सिंह और अंजू देवी की पर्चियां निकलीं। इसके अतिरिक्त, सदन से चुने गए छह सदस्यों में से तीन सदस्यों आआपा के मोहम्मद आमिल मलिक एवं मोहिनी जीनवाल तथा भारतीय जनता पार्टी के पंकज लूथरा की पर्चियां भी ड्रा में निकलीं।

इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष ने सभी निवृत्त सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान निगम के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी सदस्यों को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में निगम की कार्यप्रणाली निरंतर चलती रहती है और नए सदस्यों के साथ समिति आगे भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कार्य करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी