home page

दिल्ली में करीब 1.5 लाख मीट्रिक टन मलबा हटाया गया

 | 
दिल्ली में करीब 1.5 लाख मीट्रिक टन मलबा हटाया गया


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में 6 से 31 मार्च तक निर्माण एवं विध्वंस कचरे (मलबे) को सड़कों, नालों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थलों से बड़े पैमाने पर हटाने के लिए एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य शहरी स्वच्छता में सुधार और धूल प्रदूषण को कम करके जन स्वास्थ्य को बेहतर बनाना था।

इस अभियान के दौरान दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सभी जोनों की संपूर्ण स्वच्छता व्यवस्था को समन्वित रूप से सक्रिय किया गया। नियमित कर्मचारियों एवं उपकरणों के साथ-साथ अतिरिक्त मानव संसाधन और मशीनरी की तैनाती कर अभियान को और तेज किया गया। प्रत्येक जोन में लगभग 50 अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की गई, जिससे जमीनी स्तर पर कार्य निष्पादन को काफी मजबूती मिली।

अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जेसीबी, लोडर, हाईवे मशीनों सहित अन्य भारी मशीनरी का व्यापक उपयोग किया गया, जिससे सी एंड डी कचरे के संग्रहण एवं परिवहन को तेज और व्यवस्थित बनाया जा सका। इससे बड़े एवं दुर्गम स्थानों पर जमा कचरे को भी समयबद्ध तरीके से हटाना संभव हुआ।

साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में बिखरे हुए छोटे एवं अनधिकृत मलबे को भी वार्ड स्तर पर जूनियर इंजीनियरों द्वारा ऑटो टिपर एवं एमसीडी संसाधनों की सहायता से व्यवस्थित रूप से हटाया गया। इस मलबे को लगभग 125 चिन्हित एमसीडी संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाया गया, जहां से इसे आगे अधिकृत सी एंड डी कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों तक भेजा जा रहा है।

पूरे दिल्ली से लगभग 1,52,143 मीट्रिक टन मलबा हटाया गया। इसमें से लगभग 79,406 मीट्रिक टन कचरा एमसीडी द्वारा हटाया गया, जबकि लगभग 72,737 मीट्रिक टन अन्य एजेंसियों द्वारा एकत्रित किया गया।

एकत्रित कचरे को रानी खेड़ा, शास्त्री पार्क, बुराड़ी और बक्करवाला स्थित सी एंड डी कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों तक पहुंचाया गया, जहां इसका पर्यावरण के अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।

विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान चारों सी एंड डी संयंत्रों पर कुल लगभग 1,52,000 मीट्रिक टन मलबा प्राप्त एवं संसाधित किया गया, जिसमें प्रतिदिन औसतन लगभग 6,100 मीट्रिक टन मलबा उठाया गया। इसके विपरीत, अभियान से पहले जनवरी माह में औसत दैनिक उठान लगभग 3,500 मीट्रिक टन ही था।

सी एंड डी कचरा प्रबंधन प्रणाली को और मजबूत करते हुए एमसीडी ने हाल ही में नागरिकों की सुविधा के लिए ‘दिल्ली मलबा ऐप’ नामक एक वेब-आधारित प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया है। इस एप के माध्यम से नागरिक निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के दौरान उत्पन्न मलबे को उठवाने के लिए अनुरोध कर सकते हैं तथा अनधिकृत रूप से डाले गए मलबे की शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं।

नगर निगम ने शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर द्वारा मलबे को हटाना सुनिश्चित किया। यदि मलबे की मात्रा कम होती है, तो इसे निःशुल्क हटाया जाएगा। इस एप को क्यूआर कोड के माध्यम से एक्सेस एवं डाउनलोड किया जा सकता है। यह व्यापक स्वच्छता अभियान एक स्वच्छ, स्वस्थ और सतत दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी