महापौर प्रवेश वाही ने दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर
नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को वर्चुअल मोड में उच्च स्तरीय बैठक कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय सिविक सेंटर से आयोजित की गई, जिसमें निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी 12 जोनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में उप महापौर, डॉ. मोनिका पंत, निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा, प्रमुख अभियंता पी.सी. मीणा और सभी ज़ोन के उपायुक्त और विभिन्न जोनों से कचरा उठाने के लिए अनबंधित कॉनसेशनरीज़ उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कॉनसेशनरी प्रतिनिधियों ने शहर में उपलब्ध संसाधनों, बुनियादी ढांचे और कचरा प्रबंधन प्रणाली की जानकारी दी तथा विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता मानकों को बनाए रखने में आ रही चुनौतियों से भी अवगत कराया।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि कुछ जोनों में स्वच्छता की स्थिति अभी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कॉनसेशनरी प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे अतिरिक्त संसाधनों और मशीनरी की तैनाती तेज करें, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था में सुधार हो सके।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम ने वार्ड-वार स्वच्छता योजना तैयार की है और सभी एजेंसियों को अपने संसाधनों और मशीनरी को उसी के अनुरूप समायोजित करना चाहिए, ताकि स्वच्छता मानकों में स्पष्ट सुधार दिखाई दे।
महापौर ने यह भी आश्वासन दिया कि निगम कॉनसेशनरी कंपनियों को उनके कार्यों के लिए समय पर भुगतान सुनिश्चित करेगा, बशर्ते सभी जोनों में स्वच्छता मानकों में जमीनी स्तर पर सुधार नजर आए।
उप महापौर डॉ. मोनिका पंत ने भी शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए निगम अधिकारियों और कॉनसेशनरी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से घनी आबादी वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
बैठक के अंत में महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को लगातार निगरानी, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि दिल्ली में स्वच्छता के उच्च मानक सुनिश्चित किए जा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

