एमसीडी सदन में हंगामे के बीच सभी पार्षदों को 50 लाख का फंड जारी
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को कहा कि निगम द्वारा सभी पार्षदों को 50-50 लाख की राशि जारी कर दी गई है।
दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि विपक्ष सदन चलने दे या नहीं, इससे जनता के कार्य प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आआपा) द्वारा कोकरोच के पोस्टर लाने पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपना चुनाव चिन्ह छोड़कर दूसरा चुनाव चिन्ह लेकर आई है।
महापौर ने आरोप लगाया कि विपक्ष की मंशा किसी भी प्रकार से सदन की कार्यवाही नहीं चलने देने की थी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जनता के विकास कार्यों को लेकर प्रतिबद्ध है और निगम स्तर पर योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस दौरान नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि भाजपा सदन में विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करना चाहती थी, लेकिन आआपा ने ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में विपक्ष ने कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया और अब भाजपा को भी काम नहीं करने दिया जा रहा है।
सदन में सभी बिल पारित होने पर उन्होंने कहा कि सभी बिल जानते के हित को ध्यान में रखते हुए पारित कर दिए गए हैं। साथ ही 1857 के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी शहीद धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित कम्युनिटी सेंटर में स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

