home page

एमसीडी सदन में नाव लेकर पहुंचे आआपा पार्षद, जलभराव और गंदगी को लेकर सरकार पर साधा निशाना

 | 
एमसीडी सदन में नाव लेकर पहुंचे आआपा पार्षद, जलभराव और गंदगी को लेकर सरकार पर साधा निशाना


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम सदन की सोमवार को हुई बैठक में आम आदमी पार्टी (आआपा) के पार्षद नाव लेकर पहुंचे और राजधानी में जलभराव, कूड़े के ढेर तथा बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। पार्षदों ने सदन के बाहर नाव और विभिन्न जोनों से एकत्रित कूड़ा रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान डेंगू-मलेरिया समेत मच्छरजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे और जलभराव से आम लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि सरकार का ‘‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’’ अभियान केवल नारा और प्रचार बनकर रह गया है। दिल्ली की सड़कों और गलियों में लगे कूड़े के ढेर तथा जलभराव सरकार के दावों की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरी सत्ता सरकार के हाथ में है तो दिल्ली की सफाई व्यवस्था बदहाल क्यों है, इसका जवाब जनता मांग रही है।

उन्होंने कहा कि सदन की बैठक में आआपा पार्षद नाव लेकर पहुंचे ताकि जलभराव की वास्तविक स्थिति को प्रतीकात्मक रूप से सामने रखा जा सके। उनका आरोप था कि चार इंजन की सरकार में दिल्ली की सफाई व्यवस्था खुद कूड़े में दब गई है।

एमसीडी के सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि राजधानी में जगह-जगह जलभराव से लोग परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि सिविक सेंटर के आसपास और कनॉट प्लेस जैसे क्षेत्रों में भी पानी भर गया। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल में सरकार ने दिल्ली को बदहाल स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब दिल्ली के लोगों को वाहन छोड़कर नाव से सफर करना पड़ेगा।

प्रवीण कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी जलभराव और कूड़ा प्रबंधन समेत जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कम समय की बारिश में ही राजधानी में घंटों यातायात प्रभावित हो रहा है।

एमसीडी की सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि जलभराव और कूड़े की समस्या के कारण दिल्ली के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में घरों से नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठ रहा है। मानसून के दौरान गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को भी जलभराव और कीचड़ के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नाव लेकर आने का उद्देश्य सरकार को दिल्ली की जमीनी स्थिति दिखाना था और उसे सफाई तथा जलभराव की समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से काम करना चाहिए।

वहीं, निगम पार्षद कृष्णा जाखड़ ने कहा कि दिल्ली लंबे समय से जलभराव, कूड़े और आवारा पशुओं की समस्या से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, डीडीए और डुसिब से संबंधित सड़कों पर भी जलभराव की स्थिति सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों के पास जिम्मेदारी होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

उन्होंने नालों की डीसिल्टिंग और कूड़ा प्रबंधन से जुड़े ठेकों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग भी उठाई। साथ ही उन्होंने महापौर से जलभराव और सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी लेते हुए कार्रवाई करने की मांग की।

शिवानी पांचाल और चित्रा विद्यार्थी डीडीए सलाहकार परिषद की सदस्य निर्वाचित

एमसीडी सदन की बैठक में आम आदमी पार्टी की पार्षद शिवानी पांचाल और चित्रा विद्यार्थी को दिल्ली विकास प्राधिकरण की सलाहकार परिषद के सदस्य पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया। दोनों के निर्वाचन पर एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर एमसीडी नेता प्रतिपक्ष कार्यालय में एमसीडी के सह-प्रभारी प्रवीण कुमार, प्रीति डोगरा सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी