home page

एमसीडी ने प्रवर्तन अभियान के तहत 42 ध्वस्तीकरण कार्रवाई की

 | 
एमसीडी ने प्रवर्तन अभियान के तहत 42 ध्वस्तीकरण कार्रवाई की


नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अनधिकृत निर्माण, खतरनाक भवनों तथा दिल्ली के मास्टर प्लान (एमपीडी) और भवन उपविधियों के उल्लंघन के विरुद्ध शहरव्यापी प्रवर्तन अभियान जारी रखा है। निगम द्वारा जन सुरक्षा और भवन मानदंडों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी 12 क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।

निगम के अनुसार, मंगलवार को चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान सभी 12 क्षेत्रों में 42 ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गईं। इसके अलावा भवन संबंधी मानदंडों के उल्लंघन पर 7 संपत्तियों को सील किया गया, जबकि 3 ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए। निगम ने बताया कि चिन्हित उल्लंघनों के विरुद्ध निर्धारित नियमों और विनियमों के अनुसार कार्रवाई की गई।

इससे पहले सोमवार को भी एमसीडी ने व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया था। इस दौरान एमपीडी और भवन उपविधियों के उल्लंघन के मामले में 44 संपत्तियों का ध्वस्तीकरण किया गया तथा 11 संपत्तियों को सील किया गया।

मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान संत नगर, न्यू अशोक नगर, लक्ष्मी नगर, तेलीवाड़ा, शाहदरा, गीता कॉलोनी, राम नगर, जगतपुर, सोनिया विहार, दिलशाद गार्डन, देव नगर, बापा नगर, फैज रोड, सेक्टर-14 द्वारका, पालम फार्म्स, अवंतिका, सेक्टर-1 रोहिणी और शकूरपुर समेत दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रमुख ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई।

एमसीडी ने कहा कि उसके अधिकार क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण और भवन मानदंडों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को कड़ी निगरानी बनाए रखने और एमपीडी, भवन उपविधियों तथा अन्य संबंधित नियमों के प्रावधानों के तहत उल्लंघनों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

निगम के अनुसार, सभी 12 क्षेत्रों में यह प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान के तहत अनधिकृत निर्माण, खतरनाक भवनों तथा जन सुरक्षा के लिए जोखिम उत्पन्न करने वाले अन्य उल्लंघनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी