home page

निगम की बैठक में नागरिकों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय: महापौर

 | 
निगम की बैठक में नागरिकों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय: महापौर


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को सदन की बैठक में आम आदमी पार्टी (आआपा) के रवैये की निंदा की। महापौर ने कहा कि आआपा के पार्षद अव्यवस्था फैलाने की कोशिश के तहत सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे अभियान का समर्थन कर रहे थे। जबकि भाजपा के पार्षद सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई के मुद्दे पर चर्चा करना चाहते थे। इससे यह साबित हो गया आआपा की कोशिश अव्यवस्था फैलाने की है जबकि भाजपा की निगम सरकार दिल्ली की व्यवस्थाओं सुधारने में लगी है।

महापौर ने बताया कि इसी के तहत दिल्ली नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के नागरिकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनका उद्देश्य राजधानी में नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाना है।

महापौर प्रवेश वाही ने सदन में जानकारी देते हुए बताया कि सभी पार्षदों को 50-50 लाख रुपये की विकास निधि जारी की गई है, जिससे विभिन्न वार्डों में नालियों का निर्माण, सड़कों की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अन्य विकास कार्यों को गति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

महापौर ने बताया कि दिल्ली की सड़कों की बेहतर सफाई एवं धूल नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए निगम द्वारा 14 नए मैकेनिकल रोड स्वीपर खरीदे गए हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त दिल्ली बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

महापौर ने जानकारी दी कि सामान्य सभा की बैठक में दक्षिण क्षेत्र, पश्चिमी क्षेत्र एवं मध्य क्षेत्र में निगम के ठोस अपशिष्ट एकीकृत संग्रहण एवं परिवहन व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अतिरिक्त शाहदरा उत्तरी क्षेत्र में सामुदायिक भवन के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

प्रवेश वाही ने कहा कि सामान्य सभा की बैठक के दौरान दिल्ली में नालों की सफाई जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा प्रस्तावित थी, किंतु आम आदमी पार्टी के पार्षदों द्वारा लगातार सदन की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न किया गया। उन्होंने कहा कि तीन बार नालों की सफाई के विषय पर चर्चा कराने का प्रयास किया गया, लेकिन आआपा के पार्षदों ने इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर सार्थक चर्चा नहीं होने दी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के पार्षद जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा से बचते हैं तथा सदन की कार्यवाही के दौरान अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न करते हैं। इसके बावजूद दिल्ली नगर निगम ने नागरिक हितों को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा जारी रखी तथा कई अहम प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर उन्हें पारित किया गया।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की भाजपा सरकार राजधानी के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी प्रकार के राजनीतिक व्यवधान से विकास कार्यों को रुकने नहीं दिया जाएगा।

महापौर ने बताया कि निगम की बैठक में पार्षदों द्वारा अपने-अपने वार्डों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों को उठाया गया, जिनमें नागरिक सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था, बुनियादी ढांचे का विकास तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी