home page

एमसीडी का दिल्लीभर में बड़ा प्रवर्तन अभियान, 21 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई

 | 
एमसीडी का दिल्लीभर में बड़ा प्रवर्तन अभियान, 21 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अनधिकृत निर्माण, खतरनाक भवनों और भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के खिलाफ दिल्लीभर में अपना प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। निगम ने गुरुवार को सभी 12 जोन में कार्रवाई करते हुए कुल 21 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। इसके अलावा 4 संपत्तियों को सील किया गया और 4 ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए।

एमसीडी के अनुसार, निगम के सभी जोन में भवन निर्माण संबंधी नियमों के अनुपालन और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। चिन्हित उल्लंघनों के खिलाफ दिल्ली के मास्टर प्लान (एमपीडी), भवन उपनियमों और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।

गुरुवार की कार्रवाई के दौरान रघुबीर नगर, संत नगर, गुरमंडी राजपुरा और कल्याण विहार समेत दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रमुख ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई। निगम ने स्पष्ट किया कि उसके क्षेत्राधिकार में किसी भी तरह के अनधिकृत निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इससे एक दिन पहले भी एमसीडी ने अपने प्रवर्तन अभियान के तहत 27 ध्वस्तीकरण कार्रवाइयां की थीं और 3 संपत्तियों को सील किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से निगम ने संकेत दिया है कि भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के मामलों में प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

एमसीडी ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में कड़ी निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर निर्धारित प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निगम के मुताबिक, अनधिकृत निर्माण, खतरनाक इमारतों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरा पैदा करने वाले अन्य उल्लंघनों के खिलाफ सभी 12 जोन में अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी