home page

निगम के दिवंगत कर्मचारियों के 46 आश्रितों को करुणामूलक आधार पर नियुक्ति पत्र

 | 

नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने सोमवार को निगम के दिवंगत कर्मचारियों के 46 आश्रितों को जनस्वास्थ्य विभाग में एमटीएस (पब्लिक हेल्थ) के पद पर करुणामूलक आधार पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए। निगम मुख्यालय स्थित सत्य नारायण बंसल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनकी हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि निगम कर्मचारियों के हितों और अधिकारों का संरक्षण उसकी प्राथमिकता है। इसी दिशा में कुछ दिन पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा जनस्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 4000 एमटीएस (पब्लिक हेल्थ) कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन के तहत वेतन जारी किया गया था। इसके अतिरिक्त, निगम में कार्यरत 1467 स्वच्छता कर्मचारियों को नियमित किया गया है।

उन्होंने कहा कि करुणामूलक आधार पर स्वच्छता कर्मचारियों के आश्रितों को भी नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला दिल्ली नगर निगम कर्मचारियों के हितों एवं अधिकारों के प्रति पूरी तरह सजग है और उनकी रक्षा के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम कर्मचारियों के कल्याण तथा उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। निगम के कर्मचारी दिल्ली में नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी मेहनत और योगदान से शहर की सफाई व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं।

उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देना और उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में सहयोग प्रदान करना निगम की जिम्मेदारी है। करुणामूलक आधार पर दी गई नियुक्तियां इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।

इस अवसर पर उप महापौर डॉ. मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव, डीडीए सदस्य राजीव बब्बर, निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक रावत सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी