home page

निगम आलोक पत्रिका-2025 का विमोचन एवं हिंदी कार्यशाला का आयोजन

 | 
निगम आलोक पत्रिका-2025 का विमोचन एवं हिंदी कार्यशाला का आयोजन


नई दिल्ली, 26 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के राजभाषा विभाग ने गुरुवार को निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में “निगम आलोक पत्रिका-2025” का विमोचन एवं हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया। इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान “निगम आलोक पत्रिका-2025” का विधिवत विमोचन किया गया। हिंदी कार्यशाला में राजभाषा के प्रभावी प्रयोग, प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के संवर्धन तथा भाषा की सरलता और सशक्त अभिव्यक्ति पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि राजभाषा हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक सशक्तिकरण का आधार है। दिल्ली नगर निगम में हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।

सत्या शर्मा ने प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के अधिकतम उपयोग पर बल देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त संजीव मित्तल के साथ निगम के वरिष्ठ अधिकार एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी