home page

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा हैं : महापौर

 | 
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा हैं : महापौर


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय, सिविक सेंटर में महापौर प्रवेश वाही ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की दिल्ली गेट स्थित शहीदी पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्श राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनसेवा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे तथा उनके मूल्यों का अनुसरण करते हुए स्वच्छ और प्रगतिशील दिल्ली के निर्माण के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।

महापौर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक दूरदर्शी राष्ट्रनायक, प्रखर शिक्षाविद् एवं सिद्धांतों के प्रति समर्पित जननेता थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली नगर निगम दिल्ली, नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. मुखर्जी के आदर्श हमें यह संदेश देते हैं कि सुशासन, उत्तरदायित्व और जनकल्याण ही किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी पहचान है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए स्वच्छ, विकसित और जनहितैषी दिल्ली के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।

इस अवसर पर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, मध्य क्षेत्र की अध्यक्ष योगिता सिंह सहित अन्य पार्षद और निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी