home page

महापौर ने मच्छर जनित बीमारियों से निपटने के लिए एमसीडी के कार्यों की समीक्षा की

 | 
महापौर ने मच्छर जनित बीमारियों से निपटने के लिए एमसीडी के कार्यों की समीक्षा की


नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को मच्छर जनित बीमारियों से निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम के किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव एवं रोकथाम के उपायों के बारे में चर्चा की गई।

इस दौरान महापौर प्रवेश वाही ने मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर प्रयास करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के कार्य में लगे सभी एमटीएस कर्मचारियों एवं मलेरिया इंस्पेक्टरों की अच्छी तरह ट्रेनिंग की जाए ताकि उनका व्यवहार जनता के प्रति सौहाद्रपूर्ण एवं सहयोगी हो।

प्रवेश वाही ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में व्हाट्सऐप ग्रुपों के माध्यम से प्रतिदिन किए गए कार्यों की रिपोर्टिंग की जाए ताकि उनकी सही ढंग से निगरानी हो सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर की जांच सही ढंग से की जाए।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के पास कीटनाशक दवा का स्टॉक प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है और कीटनाशक दवा का छिड़काव सही तरीके से किया जाए। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय रहते सभी कार्रवाई पूरी कर लें जिससे आने वाला समय में दिक्कत न हो।

प्रवेश वाही ने कहा कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों जैसे बाजारों,झुग्गी कालोनियों, धर्मस्थलों पर हर पंद्रह दिनों में फॉगिंग की जाए। उन्होंनेे कहा कि जन जागरुकता कार्यक्रम चलाकर अधिक से अधिक नागरिकों के साथ संपर्क स्थापित करके मच्छर जनित बीमारियों को रोकथाम हेतु किए जाने वाले उपायों के बारे में बताया जाए।

महापौर ने कहा कि विद्यालयों में जाकर छात्रों के बीच मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के विषय पर चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को जागरूक किया जाए कि अपने आस पास सफाई रखें एवं पानी जमा न होने दें जिससे कि मच्छरों के प्रजनन को रोक जा सके। वाही ने कहा कि नागरिकों के सहयोग और निगम कर्मचारियों की मेहनत के द्वारा हम मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के प्रयासों में अवश्य सफल होंगे।

इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अतिरिक्त आयुक्त डॉ. सत्येंद्र सिंह दुरसावत, निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अशोक रावत, डॉ. लल्लन वर्मा और सभी 12 क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी