महापौर ने राजा पार्क की सड़क का नाम ‘श्री दीपक सेठ मार्ग’ रखा
नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने गुरुवार को वार्ड संख्या-61, राजा पार्क में एक सड़क का नामकरण समाजसेवी स्वर्गीय दीपक सेठ की स्मृति में ‘श्री दीपक सेठ मार्ग’ के रूप में किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पार्षद अजय रवि हंस भी मौजूद रहें।
इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने नामकरण पट्टिका का अनावरण किया तथा स्वर्गीय दीपक सेठ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को स्मरण किया।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय दीपक सेठ एक प्रसिद्ध समाजसेवी थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित किया। उन्होंने विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के कार्यों के माध्यम से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सेवा की तथा लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का निरंतर प्रयास किया। ऐसे महान व्यक्तित्वों के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
महापौर ने आशा व्यक्त की कि ‘श्री दीपक सेठ मार्ग’ आने वाली पीढ़ियों को समाज सेवा, मानवता और जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद अजय रवि हंस ने भी दीपक सेठ के सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सद्भाव एवं सहयोग की भावना को मजबूत किया। उन्होंने महापौर एवं दिल्ली नगर निगम का इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अजय खटाना महेश अवाना, डॉ. राजकुमार सेठ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उपस्थित नागरिकों द्वारा स्वर्गीय दीपक सेठ के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं उनके आदर्शों का अनुसरण करने के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

