home page

महापौर ने कचरा प्रबंधन नियमों के बारे में पार्षदों को अवगत कराने संबंधी बैठक की अध्यक्षता की

 | 
महापौर ने कचरा प्रबंधन नियमों के बारे में पार्षदों को अवगत कराने संबंधी बैठक की अध्यक्षता की


नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार नए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के बारे में पार्षदों एवं निगम अधिकारियों को अवगत कराने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के बारे में एनजीओ एवं विशेषज्ञों ने एक प्रस्तुति दी।

महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वच्छ दिल्ली के विजन को साकार करने के लिए इस बैठक का आयोजन किया गया ताकि सभी निगम पार्षद नए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों से अवगत हो एवं उन्हीं के अनुरूप अपने क्षेत्रों में कार्य करवाएं।

महापौर ने पार्षदों को सूचित किया कि हाल ही में दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र स्थित एक होटल में हुई भीषण अग्निकांड की दुखद घटना पर मुख्यमंत्री द्वारा सभी विभागों की एक बैठक बुलाई है। जिसके चलते महापौर ने आयुक्त एवं सभी उपायुक्तों को बैठक में जाने के निर्देश दिए।

प्रवेश वाही ने बताया कि सभी पार्षदों से निवेदन है कि वो अपने क्षेत्रों में नागरिकों को नए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि स्त्रोत पर ही कचरे को पृथक किया जाना चाहिए। गीले कूड़े को आस पास ही निस्तारित करके कंपोस्ट बनाया जाना चाहिए एवं सूखा कूड़ा जैसे कागज, कांच, इत्यादि का भी पुनः चक्रण किया जाना चाहिए तथा कचरे का चार स्तरों पर पृथककरण किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि ओखला,भलस्वा एवं गाजीपुर लैंडफिल साइट को जल्द से जल्द खत्म कर दिया जाएगा।

महापौर ने सभी पार्षदों से अनुरोध किया कि 7 से 12 जून तक कचरा प्रबंधन के बारे में अवगत कराने के लिए विभिन्न फील्ड ट्रिप का आयोजन किया जा रहा है। फील्ड ट्रिप के माध्यम से पार्षदगण लैंडफिल साइटों,वेस्ट तो एनर्जी प्लांट पर जाकर कचरा निस्तारण के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

बैठक में उप महापौर डॉ मोनिका पंत,अध्यक्ष स्थायी समिति सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, विधायक श्याम शर्मा, रविंदर नेगी, अनिल शर्मा, पार्षद, निगमायुक्त संजीव खिरवार, सभी अतिरिक्त आयुक्त, सभी जोन के उपायुक्त सहित दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी