home page

महापौर ने जनस्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की, स्पा सेंटरों के विरुद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

 | 
महापौर ने जनस्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की, स्पा सेंटरों के विरुद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के जनस्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर जनस्वास्थ्य विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। महापौर ने लखनऊ एवं मालवीय नगर जैसी घटना दोबारा घटित न हो इस संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को सख्ती से कार्य करने के निर्देश दिए।

महापौर प्रवेश वाही ने सभी उप स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में हर हफ्ते बैठक करने के निर्देश दिए और सभी क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने एवं कार्रवाई करने के आदेश दिए। बैठक में उप महापौर डॉ मोनिका पंत, निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक रावत एवं डॉ लल्लन राम वर्मा सहित सभी 12 क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर ने कहा कि स्पा सेंटरों द्वारा नगर निगम के नियमों की अवहेलना बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके साथ ही दिल्ली पुलिस को भी निगरानी करने एवं सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

महापौर ने निगम के अधिकार क्षेत्र में संचालित होटलों की सख्त निगरानी कर निगम के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। महापौर ने बल्क कचरा उत्पादकों जैसे रेस्टोरेंट्स, होटल और बैंक्वेट हॉल इत्यादि को अपने परिसरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्वच्छता निरीक्षकों के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई करने के आदेश दिए।

वाही ने ई-कार्ट के परिपेक्ष में जल्द से जल्द पॉलिसी जारी करने के आदेश दिए। इस संदर्भ में सभी अधिकारियों ने अपने अपने विचार एवं सुझाव दिए। महापौर ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर सेवाएं एवं सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की दिशा में भी कार्य कर रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी